UP Pink Booth: यूपी में इन सभी शहरों में लगाए जाएंगे पिंक बूथ, CM Yogi ने की समीक्षा
उत्तर प्रदेश सरकार नवरात्र में महिला सुरक्षा को समर्पित मिशन शक्ति का पांचवां चरण शुरू करेगी। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान में 17 शहरों में पिंक बूथ स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देने और मिशन शक्ति केंद्रों को 360 डिग्री मॉडल पर विकसित करने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा और सहायता प्रदान करना है।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। प्रदेश सरकार शारदीय नवरात्र से महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को समर्पित ‘मिशन शक्ति’ का पांचवां चरण शुरू करने जा रही है। यह विशेष अभियान एक माह तक चलेगा। अभियान के तहत सभी नगर निगम वाले 17 शहरों में पिंक बूथ स्थापित किए जाएंगे।
अभी यह बूथ केवल लखनऊ में बने हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को इसकी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि मिशन शक्ति केंद्रों पर कार्यरत पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए।
पिंक बूथों पर 24 घंटे सातों दिन सहायता उपलब्ध रहे और मिशन शक्ति केंद्रों को 360 डिग्री माडल पर विकसित किया जाए। शिकायत पंजीकरण, काउंसलिंग, विधिक राय, फीडबैक और फालोअप जैसी सभी सेवाएं एक ही छत के नीचे मिलनी चाहिए। यह अभियान तभी सफल होगा जब हर गांव, वार्ड और परिवार तक इसकी पहुंच हो सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा इस चरण में विभागीय समन्वय के साथ व्यापक कार्यक्रम चलाए जाएं। पुलिस बल के पैदल गश्त को और प्रभावी बनाया जाए। पीआरवी-112 की सभी गाड़ियां लगातार सड़कों पर सक्रिय रहें।
जोनल एडीजी, आइजी, डीआइजी जैसे वरिष्ठ अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर आमजन से संवाद करें। जनता को यह विश्वास हो सके कि सरकार और प्रशासन उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर है। आमजन में सुरक्षा का भाव और अपराधी कानून के भय से आतंकित दिखाई देना चाहिए। कानून का दुरुपयोग करने वाला पुरुष हो या महिला, किसी के साथ भी कार्रवाई में भेदभाव नहीं होना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में 44,177 महिला कार्मिकों के साथ प्रदेश की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने में महिला पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियान के दौरान सभी 57 हजार ग्राम पंचायतों और 14 हजार नगरीय वार्डों में महिला बीट पुलिस अधिकारियों को चरणबद्ध ढंग से भेजा जाए।
ग्राम प्रधान, सभासद, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता आदि के साथ यह महिला पुलिस अधिकारी भ्रमण कर महिलाओं और बालिकाओं से संवाद करें, उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझें। आपात स्थिति में सहायता कहां और कैसे प्राप्त की जा सकती है, इसकी जानकारी भी उन्हें दी जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्र व अन्य त्योहारों में मंदिरों, धार्मिक स्थलों, मेलों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिला पुलिस की विशेष तैनाती की जाए। एंटी रोमियो दस्ते को और अधिक सक्रिय किया जाए। शोहदों के विरुद्ध ऐसी कार्रवाई की जाए जो नजीर बने। यह सुनिश्चित करें कि कार्रवाई जिसके विरुद्ध हो रही वह शोहदा ही है।
प्रत्येक जिले में महिला सुरक्षा से जुड़े संवाद और कान्फ्रेंस आयोजित किए जाएं। विद्यालयों और महाविद्यालयों में लघु फिल्मों का प्रदर्शन कर छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा और लैंगिक समानता के प्रति जागरूक किया जाए। जेल में बंद असहाय महिलाओं को विधिक सहायता दिलाने के प्रयास और प्रभावी बनाए जाएं। महिला हेल्पलाइन 1090 पर आने वाली काल को पूरी गंभीरता से लिया जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।