Move to Jagran APP

लखनऊ से लापता महिला का शव हरदोई की नहर में उतराता मिला, बच्ची का सुराग नहीं; ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप

लखनऊ के ठाकुरगंज क्षेत्र का मामला। 18 सितंबर को दुधमुंही बच्‍ची संग लापता हुई थी महिला। मृतका के पास से मिला सुसाइड नोट।

By Divyansh RastogiEdited By: Published: Sun, 20 Sep 2020 03:25 PM (IST)Updated: Sun, 20 Sep 2020 03:25 PM (IST)
लखनऊ से लापता महिला का शव हरदोई की नहर में उतराता मिला, बच्ची का सुराग नहीं; ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप
लखनऊ से लापता महिला का शव हरदोई की नहर में उतराता मिला, बच्ची का सुराग नहीं; ससुरालीजनों पर हत्या का आरोप

लखनऊ, जेएनएन। उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लापता महिला का शव हरदोई जिले की सुरसा नहर में उतराता मिला। शनिवार रात पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे उसके परिवारीजनों ने शव की शिनाख्त की। बताया गया कि शुक्रवार से दुधमुंही बेटी संग महिला लापता हुई थी। हालांकि, उसकी बच्ची अभी भी लापता है। महिला के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने खुद को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। वहीं, उसके मायकेपक्ष ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।

loksabha election banner

18 सितंबर को बच्‍ची संग लापता हुई थी मृतका 

मामला ठाकुरगंज क्षेत्र के भुंहर लालबाग इलाके का है। यहां मूलरूप उन्नाव जनपद के फतेहपुर चौरासी निवासी सुभाष चंद्र कई साल से किराए पर परिवार संग रहते थे। इंस्पेक्टर ठाकुरगंज के मुताबिक, सुभाषचंद्र रिंग रोड स्थित एक अस्पताल में वार्ड ब्वाय हैं। सुभाष की पत्नी अंजली (30) गांव में रहती थीं। अंजली गर्भवती थीं डॉक्टर ने ऑपरेशन से बच्चा होने की बात कही तो सुभाष उसे 12 सितंबर को लखनऊ ले आया था। यहां उसे अस्पताल में भर्ती कराया। 13 सितंबर को उसको बेटी ऑपरेशन से हुई। बेटी दिव्यांग थी। इसको लेकर अंजली बहुत डिप्रेशन में थी। गुरुवार को अंजली के अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद सुभाष उसे घर ले आया। शुक्रवार की दोपहर अंजली की सास घर के अंदर थीं और वह बेटी के साथ बाहर बैठी थी। इस बीच अंजली ने मुख्य गेट पर बाहर से कुंडी लगा दी और बेटी संग चली गई। कुछ देर बाद अंजली की सास ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो वह बाहर से बंद था। शोर मचाने पर पड़ोसियों ने दरवाजा खोला। सास ने बाहर देखा तो अंजली गायब थी। उन्होंने सुभाष को जानकारी दी। सुभाष ने काफी खोजबीन की पर कुछ पता नहीं लगा। इसके बाद देर शाम उसने ठाकुरगंज थाने में पत्नी और बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई। 

हरदोई की सुरसा नहर में उतराता मिला शव

वहीं, शनिवार देर शाम हरदोई की सुरसा नहर में अंजली का शव उतराता मिला। स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव को निकाला। शिनाख्त न हो पाने के कारण शव को पोस्टमॉर्टम भेजा गया। शनिवार को समाचारपत्रों में छपी खबर पढ़कर कुछ लोग पोस्टामॉर्टम हाउस पहुंचे। वहां, शव देखकर उसकी पहचान अंजली के रूप में की। अंजली का मायका हरदोई में पिहानी क्षेत्र के बूढ़ा गांव का है। 

सुसाइड नोट में खुद को ठहराया जिम्मेदार 

पुलिस ने अंजली के पास से एक सुसाइड नोट बरामद किया। नोट में अंजली ने खुद को मौत का जिम्मेदार ठहराया है। उसने लिखा- ''मैं अच्छी बेटी और पत्नी नहीं बन सकी। मैं अपनी मर्जी से आत्महत्या कर रही हूं। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है।''

ससुरालीजनों पर दहेज हत्‍या का आरोप 

इंस्पेक्टर ने बताया कि वहीं, अंजली के मायके पक्ष ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद अंजली के मायकेपक्ष के लोग जो भी तहरीर देंगे उसके आधार पर कार्यवाही की जाएगी। वहीं, पुलिस अंजली की बेटी की तलाश कर रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.