रास्ता रोककर बाइक सवार पर चलाई ताबड़तोड़ गोलियां, फायरिंग की गूंज से दहला इलाका Sitapur News
सीतापुर में दिनहदाडे़ बरसी गोलियां एक युवक गंभीर रूप से हुआ घायल।
सीतापुर, जेएनएन। जिले के पिसावां क्षेत्र में दिन दहाड़े गोलीबारी से हड़कंप मच गया। एक बाइक सवार युवक को रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गया। फायरिंग से इलाके में भगदड़ मच गई इसी बीच हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए भाग निकले।
यह है मामला
मामला पिसावां थाना क्षेत्र के अरसेनी का है। यहां के निवासी शिवम सिंह चौहान (25) शुक्रवार की शाम वे बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी बीच पक्का पुल के निकट पीछा कर रहे बाइक सवारों ने ओवरटेक करके उसे पुल के करीब ही रोक लिया। जिसके बाद तमंचों से ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। गोली लगने से शिवम गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया और हमलावर हवा में फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए। बीच सड़क पर हुई वारदात से क्षेत्र में भगदड़ मच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आनन-फानन घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां पर डॉक्टरों ने घायल को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
पुरानी रंजिश में मारी गोली
वारदात के संबंध में घायल युवक की मां गीता देवी ने पिसावां थाना क्षेत्र के गांव अरसेनी निवासी प्रधान दिलशाद गाजी और उसके भाई शानू गाजी तथा शहर कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला कजियारा निवासी जावेद के खिलाफ शहर कोवाली में तहरीर दी है। कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि पिसावां के अरसेनी ग्राम प्रधान दिलशाद समेत तीन लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया जा रहा है। आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
जावेद पुलिस हिरासत में
सूत्रों का कहना है कि इस गोलीकांड में नामजद जावेद को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जिससे घटना के संबंध में पूछताछ़ की जा रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है।
पहले भी हुए हैं गोलीकांड
कोतवाल अंबर सिंह ने बताया कि वर्ष 2017 में दिलशाद के भाई शानू को गोली मारी गई थी। इस घटना में शिवम सिंह का नाम आया था। उसी घटना का बदला लेने के लिए दिलशाद पक्ष ने इस वारदात को अंजाम दिया है। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।