चाकू से गोदकर मासूम की हत्या, दरगाह परिसर से 200 मीटर दूर कई टुकड़ों में मिला शव
बहराइच के सोनवा थानाक्षेत्र में चाकुओं से गोदकर मासूम की नृशंस हत्या हुई। परिजनों ने दुष्कर्म की आशंका जताई।
बहराइच, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के बहराइच में एक मासूम की नृशंस हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतका दरगाह परिसर में जियारत करने परिवारजनों के साथ आई थी। दरगाह परिसर से करीब 200 मीटर दूर चाकुओं से गोदा हुआ क्षत-विक्षत अवस्था में शव रविवार को पड़ा मिला। हत्या की खबर पाकर नवागंतुक एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे। हत्या का राजफाश करने के लिए अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं। परिसर में हत्या से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। तरह-तरह की चर्चा हो रही हैं।
ये है पूरा मामला
मामला जिले के सोनवा थानाक्षेत्र के एक गांव का है। यहां का निवासी एक श्रमिक बीमारी के चलते परेशान रहता था। कई जगह इलाज कराने के बाद भी जब उसे फायदा नहीं हुआ तो 25 दिनों से वह अपनी पत्नी व चार वर्षीय बेटी के साथ दरगाह परिसर में रहकर मजार पर हाजिरी लगा रहा था। शनिवार की रात हाजिरी लगाने के बाद वह बेटी व पत्नी के संग परिसर में ही सो गया। सुबह उठा तो बेटी गायब मिली। खोजबीन करने पर 200 मीटर दूर उसका चाकुओं से गोदा हुआ क्षत-विक्षत अवस्था में शव देखकर दंपती के होश उड़ गए। दंपती का आरोप है कि बेटी के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या कर शव फेंका गया है। दरगाह परिसर में हत्या कर शव फेंकने की खबर लगते ही लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर एसपी विपिन कुमार मिश्र, सीओ टीएन दुबे पुलिस फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने प्रबंध समिति के अध्यक्ष शमशाद अहमद से भी जानकारी ली। एसपी ने दरगाह एसओ विनय कुमार सरोज को हत्या का खुलासा करने के निर्देश दिए हैं।