यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 06, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह ने कहा- संसाधन के साथ बच्चों को मिले बेहतर शिक्षा, योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष जोर
उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा को मजबूत करने के लिए बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कमर कस ...और पढ़ें

लखनऊ, राज्य ब्यूरो । उत्तर प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद जैसे ही मंत्रियों को विभागों का बंटवारा हुआ सभी ने अपने कामकाज फौरन शुरु कर दिए है। सभी मंत्री अपने विभागों की समीक्षा बैठक कर रहे हैं। इस क्रम में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने भी अफसरों संग विभागीय बैठक की।
बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह ने कहा है कि विभागीय योजनाओं का क्रियान्वयन सही ढंग से किया जाए, इसमें किसी प्रकार की ढिलाई नहीं हो। विभागीय अधिकारी टीम भावना से कार्य करते हुए संचालित योजनाओं का कार्य निर्धारित समय में पूरा कराएं।
बच्चों को संसाधन के साथ बेहतर शिक्षा दी जाए इसका विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए। बेसिक शिक्षा निदेशालय में मंगलवार को विभागीय अधिकारियों के साथ योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के भवन निर्माण का कार्य समयानुसार पूरा किया जाए।
छह से 14 वर्ष के बच्चों का नामांकन व गुणवत्तापूर्ण निश्शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का कार्य तेजी के साथ किया जाए। स्कूल चलो अभियान कार्यक्रम के तहत बच्चों के नामांकन का कार्य शत-प्रतिशत किया जाए। सचिव बेसिक शिक्षा व महानिदेशक स्कूल शिक्षा अनामिका सिंह ने विभाग में संचालित योजनाओं की जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बैठक में जो निर्देश दिये गये हैं उनका पालन कराया जाए।
निदेशक बेसिक शिक्षा सर्वेंद्र विक्रम बहादुर ङ्क्षसह ने निदेशालय स्तर पर की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। यहां पर अपर परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा अभियान रोहित त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक गणेश कुमार शंकर, सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी अनिल भूषण चतुर्वेदी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
