सपा सरकार के मंत्री रघुराज प्रताप भी पीएम मोदी के मुरीद
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के साथ ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भले ही प्रधानमंत्र
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव के साथ ही मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भले ही प्रधानमंत्र नरेंद्र मोदी के खिलाफ हर जगह आग उगलें, लेकिन अखिलेश सरकार के एक मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया पीएम मोदी के काफी मुरीद हैं। अलीगढ़ में कल मंत्री राजा भैया ने मोदी के छह माह के कार्यकाल को काफी अच्छा बताया।
अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया समेत कई मुल्कों में डंका बजा चुके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुरीदों में विपक्षी दलों के नेताओं की फेहरिस्त भी बढ़ती जा रही है। उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया भी मोदी के मुरीद हैं। कल राजा भैया ने मीडिया से मुखातिब होते हुए पीएम नरेंद्र मोदी के छह माह के कार्यकाल को अच्छा बताया। सपा सरकार शुरू से मोदी सरकार की खिंचाई कर रही है। प्रधानमंत्री के काम भी सपा सरकार को नागवार नजर आ रहे हैं। सरकार के कामकाज को भी संतोषजनक नहीं बताया जा रहा है। मगर सपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया का मत अलग है। मोदी सरकार के अभी तक के कार्यकाल के बारे में पूछने पर मंत्री बोले कि अब तक तो अच्छा है। यही सवाल दोहराने पर उन्होंने गर्दन हिलाकर कहा कि अच्छा है। इसके बाद उन्होंने पत्रकार वार्ता समाप्त कर दी।
प्रचार में पिछड़े
प्रतापगढ़ के कुंडा से विधायक राजा भैया ने दलील दी कि सरकार सूबे में मुफ्त इलाज, महिलाओं के लिए 102 एंबुलेंस सेवा, समाजवादी एंबुलेंस सेवा, गरीबों के लिए विधायक निधि में 25 लाख रुपये, सड़क दुरुस्त कराने जैसे ंजनहितैषी काम कर रही है। इनका अभी हम ठीक से प्रचार-प्रसार नहीं कर पाए हैं।
धान का समर्थन मूल्य कम
सरकारी क्रय केंद्रों पर धान की खरीद कम होने पर मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने कहा कि क्रय केंद्रों में धान की खरीद इसलिए कम हो रही है क्योंकि इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य (1360 रुपये प्रति कुंतल) काफी कम है।
चार माह में लागू होगी खाद्य सुरक्षा योजना
लोकसभा चुनाव से पहले जिस खाद्य सुरक्षा योजना को लागू करने में अखिलेश सरकार आना-कानी कर रही थी, अब चार महीने बाद लागू करने जा रही है। खाद्य एवं रसद मंत्री रघुराज प्रताप सिंह ने कल अलीगढ़ में ऐसा दावा किया। उन्होंने कहा कि इस योजना का 75 फीसद लोगों को लाभ होगा। इसमें अंत्योदय कार्ड धारक भी शामिल किए जाएंगे। गरीबी रेखा के ऊपर (एपीएल) व गरीबी रेखा के नीचे (बीपीएल) कार्डो को निरस्त कर दिया गया है। नए सिरे से कार्ड बनाए जा रहे हैं।