भाजपा युवा मोर्चा : महानगरों में अध्यक्ष ही नहीं
लखनऊ(अवनीश त्यागी)। भाजपा नेतृत्व भले ही लोकसभा चुनाव की लड़ाई युवाओं के दम पर लड़ने क
लखनऊ(अवनीश त्यागी)। भाजपा नेतृत्व भले ही लोकसभा चुनाव की लड़ाई युवाओं के दम पर लड़ने का दावा करे परन्तु भारतीय जनता युवा मोर्चा इसके लिए तैयार नहीं दिखता। करीब डेढ़ दर्जन जिलों में अध्यक्ष की तैनाती नहीं है। बड़े नेताओं के क्षेत्रों में भी फैसला नहीं होने से संगठन बदहाल है। चहेतों को कुर्सी दिलाने की खींचतान में अटके भाजयुमो संगठन की गतिविधियां भी सुस्त है। चेतावनी के बाद भी अधूरा युवा संगठन पूरा करने का गंभीर प्रयास न होने से उत्तर प्रदेश के प्रभारी अमित शाह बेहद खफा हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के गृह जनपद चंदौली में ही युवा मोर्चा की टीम अभी गठित नहीं हो सकी। जिला अध्यक्ष के भेजे गए तीन दावेदारों का पैनल मनचाहे नाम न होने के कारण वापस कर दिया गया। भाजयुमो का अध्यक्ष तब ही फाइनल होगा जब उसे दिल्ली से एनओसी मिले। बनारस में इससे खराब स्थिति है। यह पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी का संसदीय क्षेत्र है। जाहिर है नियुक्तियों में उनकी पंसद को ध्यान में रखना होगा। जिलाध्यक्ष का नाम घोषित होने के बाद निरस्त करना पडा। नए प्रस्तावित नाम को लेकर ओवर एज विवाद गहराया है।
प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी के गृह नगर मेरठ में भी महानगर अध्यक्ष का पद फंसा है। आरएसएस की दखलअंदाजी से फैसला नहीं हो पा रहा। कमोबेश ऐसा ही हाल पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के गृह जनपद बुलंदशहर का है। पैनल आया पर उसे वापस कर नए नाम मंगाए गए ताकि कार्यकर्ताओं की पंसद के बजाए मनचाहे वर्कर को जिलाध्यक्ष की कुर्सी सौंपी जा सकें। कानपुर नगर व ग्रामीण में अध्यक्ष की पदवी भी दिग्गजों की प्रतिष्ठा जंग में फंसी है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सूर्यप्रताप शाही के जिले देवरिया में भी भाजयुमो अध्यक्ष की तलाश समाप्त नहीं हो पा रहीं।
-------------------
क्षेत्रीय समितियां भी आधी अधूरी
प्रदेश कार्यकारिणी में रिक्त उपाध्यक्ष व मंत्री पदों पर नियुक्तियां अभी नहीं हो सकी। क्षेत्रीय कमेटियों का गठन भी अधूरा है। संगठन में आरएसएस का दखल बढ़ने से विवाद ज्यादा हो रहे हैं। पश्चिमी क्षेत्र की समिति इसी रार में लटकी है। भाजयुमो के प्रभारी नितिन नवीन का कहना है कि 70 प्रतिशत जिला इकाइयों का गठन हो चुका है, शेष जल्द ही गठित कर ली जाएगी।
------------
अनुराग ठाकुर 15-16 को करेंगे समीक्षा
भाजयुमो संगठन को सक्रिय करने की कमान खुद राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने संभाली है। 15-16 नवंबर को ठाकुर दो दिन के लिए लखनऊ में डेरा डालेंगे। जिला व क्षेत्रीय स्तर पर कामकाज की समीक्षा करने के साथ ही तीन माह के लिए आंदोलनात्मक कार्ययोजना तैयार होगी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर