मी टू सर्वाइवर्स को मिली 'पर्सनॉलिटी ऑफ द ईयर' में जगह
वाईआइआर के 2018 पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर का स्थान मीटू सर्वाइवर्स का दिया गया।
लखनऊ, जेएनएन । याहू ने आज भारत के लिए 2018 ईयर इन रिव्यू (वाईआइआर) की घोषणा की। यह दर्शाता है कि इस साल देश के इंटरनेट यूजऱों को क्या सबसे ज़्यादा पसंद रहा है। राजधानी में हुए कार्यक्रम में प्रतिनिधियों ने बताया कि इस साल भारत के इंटरनेट यूजरों ने सामूहिक शक्ति के साथ ऐतिहासिक मी टू मूवमेंट को तूल दिया। वाईआइआर के 2018 पर्सनैलिटी ऑफ द ईयर का स्थान मीटू सर्वाइवर्स का दिया गया।
इस साल के टॉप 10 न्यूजमेकरों में जगह बनाने वाले कुछ लोगों ने चौंका दिया। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक बार फिर नंबर एक स्थान पर हैं। अन्य लोगों में प्रमुख भारत के पूर्व मुख्य न्यायाधीश दीपक मिश्रा हैं जिन्होंने तीन तलाक और धारा 377 जैसे ऐतिहासिक निर्णय देने के साथ इस सूची में अपनी जगह बना ली। सूची में एक अन्य नाम विदेश मामला राज्य मंत्री एमजे अकबर का है जिन्हें यौन उत्पीडऩ के आरोपों के बाद त्यागपत्र देना पड़ा। बॉलीवुड की सबसे चर्चित शादी की सुर्खियों ने दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह को 'कपल' न्यूज़मेकर बना दिया। दो वर्ष से कम उम्र की श्रेणी में करीना कपूर और सैफ अली खान के बेटे तैमूर अली खान ने इस सूची में अपनी जगह बना ली। मलयालम फिल्म ओरू ओदार लव की कलाकार प्रिया प्रकाश वारियर का आंख मारना इंटरनेट पर धमाल साबित हुआ!
इस साल के राजनीतिक कैलेंडर की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में एक कर्नाटक का चुनाव था जो 2018 में सबसे अधिक सर्च किया गया टर्म (वाक्यांश) घोषित किया गया। इस सूची में दूसरे स्थान पर 'आधार' सॉफ्टवेयर के साथ छेड़छाड़ का मामला आया जिसकी तहकीकात हफ पोस्ट इंडिया ने की। इससे पूरे देश में विवाद छिड़ गया और मामला ऑनलाइन ट्रेंड करता रहा। बड़े घोटालों के आरोपी विजय माल्या और नीरव मोदी के नाम भी 2018 में सबसे अधिक सर्च किए गए टर्म की सूची में शामिल हैं।