UP weather: अब पछुवा हवाओं से बढ़ेगी गर्मी, दो-तीन दिन में 40 के पार होगा पारा
मौसम का मिजाज और तल्ख होने की संभावना है। रविवार को चटख धूप निकली रही और लोगों को खासी गर्मी का सामना करना पड़ा। तापमान भी 40 के करीब पहुंच गया।
लखनऊ (जेएनएन)। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज तल्ख होने की संभावना है। आज पूरे दिन चटख धूप के चलते लोगों को खासी गर्मी का सामना करना पड़ा। तापमान भी 40 के करीब पहुंच गया। समझा जाता है कि आगामी दो से तीन दिनों में तापमान 40 के पार हो जाएगा। इसकी वजह लगातार चलने वाली पछुवा हवा है। पछुवा हवाओं के चलने से गर्मी और बढऩे की संभावना रहती है। हालांकि खरबूजा और तरबूज की फसल के लिए यह हवा मुफीद मानी जाती है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म
उल्लेखनीय है कि गत दिनों पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ बना हुआ था। साथ ही पूर्वा हवाएं भी चल रही थी। इसी वजह से बदली भी छाई थी और वातावरण अनुकूल था लेकिन पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही तापमान में बढ़ोतरी आरंभ हो गई है। इसके साथ ही मौजूदा समय में हवा की दिशा भी उत्तरी पश्चिमी हो गई है। राजस्थानी इलाकों से आ रही हवा ने वातावरण में गर्मी घोलनी शुरू कर दी है। रविवार को दिन में लोग अंगौछा व छाता आदि से धूप का बचाव करते दिखे।
अब कोई भी विक्षोभ सक्रिय नहीं
मौसम विज्ञानियों के अनुसार आगामी तीन से चार दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी। मौसम विज्ञानी डॉ. अमरनाथ मिश्र के मुताबिक मौजूदा समय में ऐसा कोई भी विक्षोभ सक्रिय नहीं है, जिसका असर यहां के मौसम पर हो। इसीलिए गर्मी में तीन से चार दिनों में तापमान बढ़ेगा।