सड़क निर्माण में कमीशनखोरी बंद करें: शिकायतों पर बोलीं मेयर संयुक्ता भाटिया
घटिया निर्माण की शिकायतों पर मेयर संयुक्ता भाटिया ने नगर आयुक्त डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी अपर नगर आयुक्त अमित कुमार और मुख्य वित्त लेखाधिकारी महामिलिंद लाल के साथ बैठक की।
लखनऊ, जेएनएन। विकास कार्य में घटिया निर्माण होने की शिकायतें होने पर मेयर संयुक्ता भाटिया ने नाराजगी जताई है। सोमवार को शाम नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं मेयर ने नगर आयुक्त डॉ.इंद्रमणि त्रिपाठी, अपर नगर आयुक्त अमित कुमार और मुख्य वित्त लेखाधिकारी महामिलिंद लाल के साथ बैठक की। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जांच टीम बनाई जाए और निर्माण कार्य के लिए नगर आयुक्त कड़ी कार्रवाई करें।
मेयर ने अधिकारियों से कड़े लहजे में सवाल पूछा? कमीशनबाजी का खेल क्यों चल रहा हैं? क्या अभियंता मौके पर जाकर स्वयं निरीक्षण नहीं करते? क्या जिम्मेदारी सिर्फ ठेकेदार की है? अगर ऐसा है तो घटिया निर्माण में नगर निगम के अभियंताओं पर ही कार्रवाई क्यों न की जाए। मेयर ने कहा कि अगर किसी भी अभियंता की सलिंप्तता पाई गई तो वह मुख्यमंत्री व नगर विकास मंत्री को पत्र लिखने के साथ ही संबंधित अभियंता के खिलाफ मुकदमा भी करूंगी। मेयर ने कहा कि नगर निगम में यह सब खेल बंद होना चाहिए।
लगाए जाएं बोर्ड
मेयर ने नगर आयुक्त से कहा कि नगर निगम की तरफ से जहां-जहां कार्य चल रहे हैं, वहां एक बोर्ड लगाकर पूरा कार्य का विवरण चस्पा किया जाए इसमें कहां से कहां तक कार्य हो रहा हैं। कार्य का प्रकार क्या है, कार्यदायी संस्था का नाम और फोन नंबर, कार्य की कार्य अवधि कितने समय की है,कार्य की लागत, कार्य का गुणवत्ता मानक क्या है, कार्यक्षेत्र के संबंधित अवर अभियंता, अधिशासी अभियंता को फोन नंबर और नाम का उल्लेख किया जाए। जिससे गड़बड़ होने पर किसी भी समय लोग सीधा संपर्क कर सकें।
समिति बनाई जाए
मेयर ने कहा कि संबंधित क्षेत्र के अवर अभियंता, नगर अभियंता और मुख्य अभियंता की समिति बनाई जाए और समिति सड़क निर्माण के समय ही समिति जांच करें, जिससे समिति की जिम्मेदारी भी तय की जा सके। इसके उपरांत अगर कार्य मे किसी भी प्रकार की गुणवत्ता में कमी पाई गई तो संबंधित समिति के सदस्यों पर भी उसी अनुपात में कार्यवाही होगी। नगर आयुक्त ने मेयर को आश्वस्त किया कि वह अभियंताओं के साथ बैठक करके निर्माण की गुणवत्ता को सुनिश्चित कराएंगे।
घटिया निर्माण पर ठेकेदार के बिल से पांच हजार की कटौती
घटिया निर्माण के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई जारी है। आदिलनगर के सड़क निर्माण में मानकों की अनदेखी पाई गई है। जांच उपरांत मुख्य अभियंता एसपी सिंह ने ठेकेदार के बिल से पांच हजार की कटौती के निर्देश दिए हैं। अवर अभियंता उमेश पाल की भूमिका की भी जांच के आदेश दिए गए हैं। शंकरपुरवा वार्ड (द्वितीय) में आदिलनगर में भागवत के मकान से श्रीवास्तव के मकान तक सड़क निर्माण चल रहा था। इंटरलाकिंग टाइल्स बिछाने में मानकों के विपरीत निर्माण सामग्री का उपयोग हो रहा था। टाइल्स के बीच में भी बालू नहीं डाली गई थी।
मुख्य अभियंता ने ठेकेदार के बिल से पांच हजार की कटौती के साथ ही अवर अभियंता उमेश पाल को चेतावनी जारी की है। इसी तरह आदिल नगर में चंदौला के मकान से मोहन सिंह के मकान तक सड़क और नाली का निर्माण चल रहा है। नालियों को बनाने में पुरानी ईंटों का उपयोग हो रहा था। मुख्य अभियंता ने पुरानी ईंटों का उपयोग करने पर ठेकेदार के बिल से कटौती करने और उसे नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।