मायावती का मास्टरस्ट्रोक: UP चुनाव से पहले BSP में बड़े फेरबदल के संकेत, पुराने नेताओं के लिए खुलेंगे दरवाजे
बसपा कार्यालय में हलचल के बीच आकाश आनंद की जल्द वापसी और पुराने नेताओं को पार्टी में वापस लेने की चर्चा है।

पूर्व सीएम मायावती। (फाइल फोटो)
HighLights
आकाश आनंद की बसपा में जल्द वापसी की संभावना।
पुराने नेताओं को वापस लाकर पार्टी मजबूत करेगी मायावती।
विधानसभा चुनाव में बेहतर प्रदर्शन के लिए बड़े फैसले।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। माल एवेन्यू स्थित बसपा के प्रदेश कार्यालय पर अमूमन सन्नाटा ही रहता है, लेकिन शुक्रवार को कुछ ज्यादा ही हलचल दिख रही थी।
बड़ी संख्या में पार्टी के नेताओं का कार्यालय में आना-जाना लगा रहा। वे पार्टी में उथल-पुथल से नफा-नुकसान की चर्चा करते रहे।
बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्णय पर तो कोई कुछ खुलकर सवाल उठाता नहीं दिखा, लेकिन ज्यादातर यही मान रहे थे कि अगर आकाश आनंद की फिर वापसी न हुई तो विधानसभा चुनाव पर असर पड़ेगा।
सभी यही मान रहे हैं कि बहनजी जल्द ही ऐसे निर्णय लेंगी जिससे पार्टी इस बार चुनाव में पहले से बेहतर प्रदर्शन करेगी। मायावती अपने बंगले में ही रहीं और कुछ खास नेताओं से ही मिलीं।
जल्द आकाश आनंद की होगी वापसी
सूत्रों के मुताबिक आकाश आनंद की जल्द ही पार्टी में वापसी तय है। बड़े पैमाने पर उन नेताओं को भी बसपा में वापस लेने की तैयारी है जो पार्टी से बाहर होने के बावजूद कभी भी मायावती को लेकर किसी तरह की आपत्तिजनक टिप्पणी नहीं की।
पुराने नेताओं के लिए पार्टी के द्वार खोल घर वापसी कराकर मायावती पार्टी संगठन को मजबूत करना चाहती हैं। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्र सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों को सभी पहलुओं को देखते हुए प्रत्याशियों के चयन की जिम्मेदारी दी गई है।
