फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, पति पर हत्या का आरोप
बारखाला क्षेत्र के न्यू तिलकनगर की घटना आरोपित पति हिरासत में। छह माह पूर्व समझौते के बाद मायके से आयी थीं ससुराल।
लखनऊ, जेएनएन। न्यू तिलकनगर ऐशबाग में रविवार को विवाहिता स्वाति रस्तोगी का शव घर के अंदर कमरे में पंखे के सहारे फंदे पर लटका मिला। महिला का पिछले एक साल से पति से विवाद चल रहा था। छह माह पूर्व पारिवारिक न्यायालय में समझौते के बाद छह माह से ससुराल में रह रही थीं।
बाजारखाला इंस्पेक्टर बृजेंद्र सिंह के मुताबिक न्यू तिलक नगर निवासी आशीष रस्तोगी व्यवसायी है। करीब एक साल से उनका पत्नी स्वाति रस्तोगी से विवाद चल रहा था। जिसकी सुनवाई पारिवारिक न्यायालय में चल रही थी। छह माह पूर्व समझौते के बाद स्वाति कानपुर के फजलगंज क्षेत्र के दर्शनपुरवा स्थित मायके से ससुराल में रहने आयी थीं। सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्वाती पंखे में दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटकी मिली।
आशीष के शोर मचाने पर पहुंचे लोग उसे फंदे से उतारा और ट्रामा सेंटर भर्ती कराया। जहां, डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, घटना की जानकारी पर पहुंचे स्वाति के भाई सुमित वर्मा और पिता विनय शंकर वर्मा ने आशीष उनकी मां और अन्य परिवारीजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मृतका के मायके पक्ष से तहरीर नहीं दी गई है। वह जो भी तहरीर देंगे उसके आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।