UPSRTC: लखनऊ में रोज घट रहे 10,000 यात्री, कई रोडवेज सेवाएं बंद होने की ओर
कोरोना काल में यात्रियों की संख्या लगातार घटती जा रही है। सफर करने वाले औसतन 10000 से अधिक यात्री रोजाना बसों में घट रहे हैं। ऐसे में बुकिंग की कौन कहे बसों को सामान्य दिनों में चलने वाले यात्री भी नसीब नहीं हो पा रहे हैं।
लखनऊ, जेएनएन। कोरोना काल में यात्रियों की संख्या लगातार घटती जा रही है। सफर करने वाले औसतन 10,000 से अधिक यात्री रोजाना बसों में घट रहे हैं। ऐसे में बुकिंग की कौन कहे बसों को सामान्य दिनों में चलने वाले यात्री भी नसीब नहीं हो पा रहे हैं। इसके चलते एसी समेत कई बसों पर ब्रेक लगाने की तैयारी चल रही है। आम दिनों की तुलना में त्योहार के बाद करीब बीस फीसद यात्रियों की गिरावट दर्ज की गई है।
रोज करते हैं अमूमन-01,31,000 यात्री सफर
अब कर रहे हैं -01,20,000 मुसाफिर यात्रा
अंतर रोज का करीब 10,000 से अधिक
यात्रियों के सफर का हफ्तेभर का आंकड़ा:
- होली से पहले 21 मार्च से 28 मार्च के बीच यात्रियों की संख्या- 10,48,626
- हाेली के बाद 31 मार्च से 07 अप्रैल के बीच सफर करने वाले लोग-09,90,868
- हफ्तेभर में आया यात्रियों के बीच सफर का अंतर-56,758
तीन माह की नोटिस पर चल रहीं लग्जरी बसें, कई मार्गों पर संचालन पर लगेगा ब्रेक: लगातार घाटा दे रहीं 50 लग्जरी स्कैनिया बसों के संचालन पर जल्द ही ब्रेक लगने जा रहा है। परिवहन निगम प्रशासन ने निजी वाहन स्वामियों को तीन माह की नोटिस देकर घाटे में सुधार न होने की दशा में बसों का अनुबंध रद्द करने की चेतावनी दी है। इससे अनुबंधित मोटर आपरेटरों में हड़कंप मच गया है। अकेले राजधानी से ही विभिन्न मार्गों पर तकरीबन 31 बसें चलती हैं। शेष बसें गाजियाबाद और आगरा क्षेत्र संचालित करता है। अगर चेतावनी नोटिस के बाद बसों का घाटा कम न हुआ तो इनका संचालन तीन माह में बंद कर दिया जाएगा। इसके अलावा करीब दर्जनभर मार्गों पर यात्री न मिलने की वजह से सामान्य सेवाओं में भी कटौती की जाएगी। लखनऊ से दिल्ली, लखनऊ से आगरा, लखनऊ से वाराणसी, लखनऊ से गोरखपुर, लखनऊ से प्रयागराज, गाजियाबाद से हरिद्वार, गोरखपुर, वाराणसी, आगरा से वाराणसी, प्रयागराज, हरिद्वार आदि मार्ग पर आगामी तीन माह में स्कैनिया बसों का संचालन बंद होना है।
क्षेत्रीय प्रबंधक पल्लव बाेस ने बताया कि लखनऊ रीजन का बेड़ा करीब 1,083 बसों का है। इसमें से 558 बसें रोडवेज की और 525 बसें अनुबंधित हैं। इनमें से करीब 31 लग्जरी स्कैनिया बसों का संचालन लखनऊ रीजन के विभिन्न बस अड्डों से किया जाता है। मुख्यालय के दिशा-निर्देशों के तहत इनके आपरेटरों को नोटिस दिया जा रहा है। सुधार न होने की दशा में तीन माह में इन लग्जरी सेवाओं के चक्के थम सकते हैं।