वकीलों के दो पक्षों में पथराव, खूनी संघर्ष में आधा दर्जन घायल Lucknow News
लखनऊ में सोमवार देर रात वकीलों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। दो पक्ष मामूली कहासुनी के बाद आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी स्थित गोमतीनगर के विनयखंड में वकीलों के दो पक्ष मामूली कहासुनी के बाद आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला बोल दिया। खूनी संघर्ष में छह वकील लहूलुहान हो गए। पुलिस ने सभी का मेडिकल कराया। इंस्पेक्टर गोमतीनगर रामसूरत सोनकर ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ तहरीर दी। इस पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
वकील आदित्य सिंह का ग्वारी चौराहे के पास वकील अभिषेक सिंह से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों से विनयखंड स्थित मोहल्ले में कई वकील आ गए और मारपीट शुरू हो गई। पथराव के साथ जमकर उपद्रव हुआ। घटना में आधादर्जन से अधिक वकीलों को गंभीर चोटें आई हैं। आदित्य सिंह की बहन शिवांगी सिंह ने राजकिशोर दुबे, रामकुमार व अभिषेक के खिलाफ डकैती, मारपीट, जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज हुई है। वहीं, दूसरे पक्ष से इन्हीं धाराओं में पूजा दुबे की ओर से आदित्य सिंह, शिवांगी, आदित्य व अन्य लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है।
थाने पर भी किया हंगामा
घटना के बाद दोनों पक्षों से कई वकील थाने पर पहुंच गए और जमकर हंगामा किया। एक-दूसरे से गाली-गलौच की। साथ ही देख लेने की धमकी भी दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि दोनों पक्षों से घायल आधा दर्जन लोगों को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। कानून व्यवस्था बिगडऩे नहीं दी जाएगी।