मुंबई से श्रावस्ती लौटे प्रवासी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, घंटो दरवाजा पीटती रही मां-दीवार फांदकर घुसे लोग
श्रावस्ती के मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरनिया के टंडवा गांव का मामला है। मृतक 15 दिन पूर्व मुंबई से अपने घर वापस आया था।
श्रावस्ती, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत हो गई। रविवार को घर में ही उसका शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। क्राइम ब्रांच की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए हैं।
ये है पूरा मामला
मामला मल्हीपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरनिया के टंडवा गांव का है। यहां के निवासी राजू उर्फ रियाज 15 दिन पूर्व मुंबई से अपने घर वापस आया था। पांच जून को दोपहर में अपने मां के साथ भोजन करके वह घर से निकला। इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी खोजबीन के बाद भी उसका सुराग न लगने पर शनिवार की देर रात उसकी मां गांव में स्थित अपने दूसरे घर पर गई। यहां दरवाजा अंदर से बंद था। मां घंटो दरवाजा खटखटाती रही, लेकिन नहीं खुला। अनहोनी की आशंका में मां ने मुहल्ले के लोगों को बुलाया। दीवार फांद कर भीतर गए लोगों ने अंदर से दरवाजा खोला। बरामदे में तख्त पर राजू का शव पड़ा देख सभी दंग रह गए। परिवार के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। रात में ही गिरंट पुलिस चौकी प्रभारी राजीव मिश्र मौके पर पहुंचे। रविवार की सुबह सीओ हौसला प्रसाद, प्रभारी देवेंद्र पांडेय व क्राइम ब्रांच की टीम गांव पहुंची। घटना स्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों के बयान दर्ज किए। थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टी हो सकेगी।