सुल्तानपुर: महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर केंद्रीय मंत्री ने निकाली तिरंगा पद यात्रा Sultanpur News
सुल्तानपुर में केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने निकाली मन में बापू तिरंगा पदयात्रा। शामिल हुए कैसरगंज सासंद।
सुल्तानपुर, जेएनएन। महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पखवाड़े के तहत जगदीशपुर में रविवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें उनके साथ कैसरगंज सांसद बृज भूषण शरण सिंग व विधायक प्रेम नरायन पांडेय भी शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री रविवार को जगदीशपुर पहुंची। कस्बे के रामलीला मैदान से शुरू हुई महात्मा गांधी जयंती पखवाड़े के तहत मन में बापू पदयात्रा में हुई शामिल। यहां से वह निहालगढ़ रेलवे स्टेशन तक पद यात्रा करते हुए पहुंची। यहां रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान के तहत सफाई की जाएगी। इसके बाद पदयात्रा अगले गंतव्य को रवाना होगी।
ये है कार्यक्रम
केंद्रीय मंत्री के प्रतिनिधि विजय गुप्ता ने बताया कि स्मृति 20 अक्टूबर को संसदीय क्षेत्र के हलियापुर मंडल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेगी। कार्यक्रम में शामिल होने के बाद केंद्रीय मंत्री उसी दिन मुबंई लौट जाएगी। महाराष्ट्र में 21 अक्टूबर को होने वाले विधान सभा चुनाव के लिए मतदान कर सांसद 22 अक्टूबर को फिर अपने संसदीय क्षेत्र वापस लौट आएगी और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व कई अन्य मंत्रियों के साथ जिला अस्पताल के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण करेंगी। स्मृति के आगमन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।