गोंडा में युवक को अगवा कर बेरहमी से पीटा, फिर हाथ-पैर बांधकर खेत में फेंका; हालत नाजुक
गोंडा के कोतवाली देहात क्षेत्र के भगहर बुलंद गांव का मामला। पीड़ित की मां का आरोप है कि तीन दबंगों पर दर्ज कराया था बहन के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का मुकदमा इसे लेकर दबंगों ने बेटे को किया अगवा। युवक के मुंह में ठूसा था कपड़ा।
गोंडा, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के गोंडा में युवक की पिटाई कर गन्ने के खेत में फेंक दिए जाने का मामला सामने आया है। युवक के हाथ-पैर बांधे और मुंह में कपड़ा ठूसा पाया गया। युवक को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। जहां चिकित्सक ने उसकी हालत को नाजुक बताया है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।
तीन दबंगों पर दर्ज कराया था बहन के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का मुकदमा
मामला कोतवाली देहात क्षेत्र के भगहर बुलंद गांव का है। यहां के रहने वाले एक युवक को अगवा कर लिया गया। इसके बाद उसकी पिटाई कर के हाथ-पैर बांधकर मुंह में कपड़ा ठूस कर गन्ने के खेत मे फेंक दिया। काफी देर जब वह घर नहीं लौटा तो परिवारजन खोजबीन करने लगे। मंगलवार की रात को कुछ लोगों ने उसको देखा तो परिवारजनों को सूचना दी। परिवारजन ने पुलिस को सूचना दी। पीड़ित की मां ने बताया कि बीते 12 सितंबर को उसकी पुत्री को अगवाकर उसकी हत्या कर दी गई थी। बेटे ने गांव के तीन लोगों पर दुष्कर्म कर हत्या किए जाने का मुकदमा दर्ज कराया था। इसे लेकर दबंगों ने बेटे की पिटाई की। मृत समझकर उसे गन्ने के खेत में फेंक दिया। देहात कोतवाल जेबी सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।