अमेठी में धारदार हथियार से सेना के जवान के पिता की हत्या, दो घायल
मकान की मरम्मत को लेकर पड़ोसी से हुआ था विवाद। पड़ोसी के परिजनों पर हत्या का आरोप।
अमेठी, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के मंगलवार को मकान की मरम्मत करा रहे पशु मित्र पर पड़ोसी ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में पशु मित्र और उनके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से परिजन आननफानन में इलाज के लिए सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सको ने पशु मित्र को मृत घोषित कर दिया।
मकान की मरम्मत को लेकर विवाद
मामला संग्रामपुर के शुकुलपुर गांव का है। यहां के निवासी राजेन्द्र मिश्रा उर्फ पूड़ी कई वर्षों से पशु मित्र का कार्य कर रहे हैं। संग्रामपुर अस्पताल से वह सम्बद्ध थे। मंगलवार को वह अपने घर की मरम्मत करा रहे थे। शाम को जब घर के पड़ोसी आये तो दोनों पक्षो के बीच विवाद होने लगा। आरोप है कि विपक्षियों ने धारदार हथियार से घर मे घुसकर हमला कर दिया। घटना में राजेंद्र और उनके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों की मदद से परिजन आननफानन में इलाज के लिए सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सको ने राजेन्द्र को मृत घोषित कर दिया। राजेन्द्र के तीन बेटे हैं। सबसे छोटा बेटा सूर्यप्रकाश सेना का जवान है। घटना में सेना के जवान की भाभी को गंभीर चोटें आई हैं। वह गर्भवती भी है। सूचना पर एसपी डॉ. ख्याति गर्ग ,सीओ पीयूष कांत राय ने अस्पताल जाकर मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली।
क्या कहती है पुलिस ?
सीओ ने बताया कि मकान के प्लास्टर का कार्य मृतक करवा रहा था। इसी को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। पड़ोसी अशोक शुक्ला और उनके परिजनों पर हत्या का आरोप है। अभी तहरीर नहीं मिली है। प्रभारी निरीक्षक को आरोपितों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया। टीमों को लगाया गया है।