PUBG से 2018 में शुरू हुई लव-स्टोरी, सऊदी अरब के रास्ते बांग्लादेश से लखनऊ आकर कोर्ट मैरिज करने वाला गिरफ्तार
Love On PUBG: सज्जाद टूरिस्ट वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी फर्जी आधार, पैन और वोटर आईडी के सहारे लखनऊ में रह रहा था।

पब्जी गेम पर एक बांग्लादेशी युवक को वर्ष 2018 में लखनऊ की युवती से प्यार हो गया
HighLights
सऊदी अरब होते हुए तीन माह के टूरिस्ट वीजा पर बांग्लादेशी युवक आया लखनऊ
बांग्लादेश से लखनऊ आया युवक और 2023 में अयोध्या में कोर्ट मैरिज
अयोध्या में कोर्ट मैरिज के लिए बनवाया फर्जी आधार-पैन और वोटर ID
बांग्लादेश के युवक ने 2900 रुपये में तैयार कराए फर्जी दस्तावेज
लखनऊ के बाजारखाला से पुलिस ने बांग्लादेश और जनसेवा केंद्र संचालक को किया गिरफ्तार
जागरण संवाददाता, लखनऊ। पब्जी गेम पर एक बांग्लादेशी युवक को वर्ष 2018 में लखनऊ की युवती से प्यार हो गया। इसके बाद उसने लखनऊ आने का मन बनाया और तीन माह के टूरिस्ट वीजा पर सऊदी अरब होते हुए लखनऊ आया और फिर यहीं रहने लगा।
बांग्लादेशी युवक ने लखनऊ के बाजार खाला क्षेत्र में प्रवास के दौरान जनसेवा केंद्र संचालक की मदद से सारे फर्जी कागजात तैयार कराए और युवती से 2023 में कोर्ट मैरिज कर ली। विदेश मंत्रालय की सूचना पर फर्जीवाड़ा के मामले में बाजार खाला पुलिस ने बांग्लादेशी को शनिवार गिरफ्तार किया। उसके साथ जनसेवा केंद्र संचालक को भी गिरफ्तार किया गया है।
लखनऊ के बाजारखाला में पुलिस ने बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद सज्जाद हुसैन (28) और फर्जी भारतीय दस्तावेज बनाने वाले जनसेवा केंद्र संचालक मोहम्मद तलहा (40) को गिरफ्तार किया है। सज्जाद टूरिस्ट वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी फर्जी आधार, पैन और वोटर आईडी के सहारे लखनऊ में रह रहा था। सज्जाद की लखनऊ की महिला से लव-स्टोरी 2018 में PUBG गेम के दौरान शुरू हुई थी और दोनों ने 2023 में कोर्ट मैरिज की थी।
पुलिस के मुताबिक, सज्जाद बांग्लादेश के चिटगांव का रहने वाला है। वह भदेवां के नसीरुल्ला अपार्टमेंट में परिवार के साथ रह रहा था। मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक बांग्लादेशी नागरिक वीजा खत्म होने के बाद भी लखनऊ में रह रहा है और उसने फर्जी भारतीय पहचान पत्र बनवा रखे हैं। सूचना पर बाजारखाला पुलिस ने गुलजारनगर चौकी के पास घेराबंदी कर रेलवे कॉलोनी ग्राउंड के पास उसे पकड़ लिया।
2900 रुपये में फर्जी दस्तावेज तैयार
पुलिस के मुताबिक, तलहा ने सज्जाद के लिए फर्जी निवास और जन्म प्रमाण पत्र तैयार किए। निवास प्रमाण पत्र पर 10 अगस्त 2023 की तारीख दर्ज थी, जबकि सज्जाद पहली बार 18 अगस्त 2023 को भारत आया था। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर उसका आधार कार्ड बनवाया गया। इसके बाद आधार के जरिए पैन कार्ड और वोटर आईडी भी तैयार कराई गई। पुलिस के अनुसार, इसके लिए सज्जाद ने तलहा की मां के खाते में QR कोड के जरिए 900 रुपए भेजे और 2 हजार रुपए नकद दिए। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सज्जाद ने कोटक महिंद्रा बैंक की नाका शाखा में खाता भी खुलवाया था।
दो बांग्लादेशी पासपोर्ट समेत सामान बरामद
पुलिस ने सज्जाद की निशानदेही पर तलहा को भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से दो बांग्लादेशी पासपोर्ट, फर्जी आधार, पैन और वोटर आईडी, दो मोबाइल फोन, कंप्यूटर और फर्जी निवास व जन्म प्रमाण पत्र की रंगीन प्रतियां बरामद की गई हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम और विदेशी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है।
2018 में PUBG पर हुई थी महिला से दोस्ती
पूछताछ में सज्जाद ने पुलिस को बताया कि 2018 में PUBG खेलने के दौरान उसकी पहचान लखनऊ की एक महिला से हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और बाद में प्रेम संबंध हो गया। महिला से मिलने के लिए सज्जाद 18 अगस्त 2023 को बांग्लादेशी पासपोर्ट पर टूरिस्ट वीजा लेकर सऊदी अरब से लखनऊ आया था। इसके बाद 28 अगस्त 2023 को दोनों ने फैजाबाद में कोर्ट मैरिज कर ली। भारत में रहने और बैंक खाता खुलवाने के लिए सज्जाद को भारतीय पहचान पत्र की जरूरत थी। इसके लिए उसने भदेवा में जनसेवा केंद्र चलाने वाले मोहम्मद तलहा से संपर्क किया।
