विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सैनिक स्कूल मैनपुरी के विस्तार के लिए मिलेगी 9.52 हेक्टेयर जमीन, योगी कैबिनेट ने दी मंजूरी

Published: Tue, 27 Oct 2026 03:35 PM (IST)

मैनपुरी सैनिक स्कूल के विस्तार के लिए ग्राम सभा नौनेर में 9.524 हेक्टेयर जमीन नि:शुल्क दी जाएगी। योगी कैबिनेट ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

सीएम योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी आदित्यनाथ

HighLights

  1. मैनपुरी सैनिक स्कूल को विस्तार के लिए जमीन मिली।

  2. नौनेर ग्राम सभा में 9.524 हेक्टेयर भूमि आवंटित।

  3. योगी कैबिनेट ने भूमि हस्तांतरण प्रस्ताव को दी मंजूरी।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। सैनिक स्कूल मैनपुरी के विस्तार और जरूरी सुविधाओं के निर्माण के लिए ग्राम सभा नौनेर में 9.524 हेक्टेयर जमीन निश्शुल्क दी जाएगी। इसके लिए ग्राम सभा के प्रबंधन वाली भूमि का निश्शुल्क पुनर्ग्रहण कर माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन किया जाएगा। इसके बाद विभाग यह जमीन रक्षा मंत्रालय के अधीन सैनिक स्कूल सोसाइटी को निश्शुल्क हस्तांतरित करेगा। कैबिनेट की स्वीकृति मिल गई है।

सैनिक स्कूल के मौजूदा परिसर से दो हाईटेंशन बिजली लाइनें गुजर रही हैं। इसके कारण परिसर की उपलब्ध भूमि का एक बड़ा हिस्सा निर्माण कार्य के लिए उपयोगी नहीं रह गया है। ऐसे में स्कूल के विस्तार और आवश्यक निर्माण कार्यों के लिए वैकल्पिक भूमि की जरूरत है। इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने ग्राम सभा नौनेर में जमीन चिह्नित की है।

रक्षा मंत्रालय और राज्य सरकार के बीच हुए समझौता ज्ञापन (एमओए) में सैनिक स्कूल के लिए भूमि उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है। इसी व्यवस्था के तहत मैनपुरी में वैकल्पिक भूमि उपलब्ध कराया गया है।

इस पर सैनिक स्कूल के कैडेटों के साथ शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के उपयोग के लिए विभिन्न भवनों और दूसरी जरूरी सुविधाओं का निर्माण किया जा सकेगा। इससे स्कूल में पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के संचालन में आसानी होगी।

यह भी पढ़ें- यूपी के 1.22 लाख शिक्षा कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, 5 लाख तक का फ्री इलाज करा सकेंगे