यूपी विधानसभा उपचुनाव में जौनपुर की मल्हनी सीट से जीते लकी यादव ने ली विधानसभा सदस्यता की शपथ
उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में जौनपुर की मल्हनी सीट पर जीत दर्ज करने वाले समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक लकी यादव ने शुक्रवार को विधान सभा की सदस्यता की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने उन्हें विधान भवन स्थित अपने कक्ष में शपथ दिलाई।
लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में जौनपुर की मल्हनी सीट पर जीत दर्ज करने वाले समाजवादी पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक लकी यादव ने शुक्रवार को विधानसभा की सदस्यता की शपथ ली। विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने उन्हें विधान भवन स्थित अपने कक्ष में शपथ दिलाई।
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने उन्हें संविधान, विधान सभा कार्य संचालन नियमावली, स्वलिखित पुस्तक 'हिंद स्वराज्य का पुनर्पाठ' और संसदीय दीपिका के अक्टूबर अंक की प्रति भेंट की। विधान सभा अध्यक्ष ने नवनिर्वाचित सदस्य को बधाई देते हुए कहा कि वह विधान सभा में एक जागरूक और सफल विधायक के रूप में कामयाब हों और जीवन में यशस्वी हों।
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने कहा कि सदन में होने वाले वाद-विवाद में हिस्सा लेकर अपने क्षेत्र की जनता के जनहित की समस्याओं के निराकरण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायें। इस अवसर पर विधान सभा के प्रमुख सचिव प्रदीप कुमार दुबे, लकी यादव के पारिवारिक सदस्य ओम प्रकाश यादव, जिला पंचायत सदस्य वेद यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
बता दें कि उत्तर प्रदेश की सात विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में सत्ताधारी भाजपा ने छह सीटें अपने नाम कर ली हैं। सिर्फ एक सीट जौनपुर जिले की मल्हनी ने भाजपा को गुजरात की तरह यूपी में क्लीन स्वीप करने से रोक दिया। मल्हनी सीट से समाजवादी पार्टी के लकी यादव चार हजार से ज्यादा वोटों से चुनाव जीते हैं। बीजेपी की लहर में भी लकी यादव ने समाजवादी पार्टी का जो किला बचाया है, उसके लिए पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव प्रचार करने के लिए भी नहीं आए थे।