यूपी में पहली बार शुरू होगी महिला क्रिकेट लीग, प्रदेश की 6 टीमें दिखाएंगी दम; सेमीफाइनल-फाइनल के वेन्यू भी सेलेक्ट
लखनऊ में महिला क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बड़ा मंच मिलने जा रहा है। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
लखनऊ में पहली बार महिला टी-20 क्रिकेट लीग का आयोजन।
23 सितंबर से शुरू होकर 28 सितंबर को होगा फाइनल मुकाबला।
छह टीमें लेंगी हिस्सा, सेमीफाइनल-फाइनल केडी सिंह बाबू स्टेडियम में।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। महिला क्रिकेटरों को उनकी प्रतिभा दिखाने का एक बड़ा मंच मिलने जा रहा है। क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ महिला क्रिकेट लीग कराने जा रहा है। लीग की शुरुआत 23 सितंबर से शुरू होगी और फाइनल 28 सितंबर को होगा। इसमें छह टीमें हिस्सा लेंगी। सीएएल के अध्यक्ष एवं लीग के चेयरमैन डा. नवनीत सहगल के अनुसार, इस लीग के जरिए शहर की महिला क्रिकेटरों को सम्मान, पहचान और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।
डा. नवनीत सहगल ने बताया कि यह लीग लखनऊ ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश में महिला क्रिकेट के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण और नई पहल है। अभी तक राज्य में पुरुष खिलाड़ियों के लिए यूपी टी-20 लीग हो रही है, लेकिन पहली बार लखनऊ महिला खिलाड़ियों के लिए जिलास्तर की टी-20 लीग का आयोजन होने जा रहा है।
लीग के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव मिलेगा और उन्हें भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए मजबूत मंच प्राप्त होगा।
यह भी पढ़ें- 100-200 नहीं; 4500 साल पुरानी हैं मांडी में मिलीं 3000 स्वर्ण मुद्राएं, गंगा घाटी सभ्यता के मिले ऐतिहासिक प्रमाण
लीग की डिप्टी कमिश्नर एवं आयोजन सचिव प्रियंका शैली ने बताया कि प्रतियोगिता के प्रारंभिक मुकाबले गोमती किनारे बने सेज क्रिकेट ग्राउंड पर होंगे। यहां महिला खिलाड़ियों को डे-नाइट टी-20 क्रिकेट का रोमांच मिलेगा, जबकि सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले केडी सिंह बाबू स्टेडियम की फ्लड लाइट में खेले जाएंगे।
प्रत्येक टीम में अन्य जिलों की दो खिलाड़ी खेल सकती हैं
प्रियंका शैली ने कहा, पहले सत्र में लीग में छह टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता का स्तर और प्रतिस्पर्धा बनाए रखने के लिए अन्य जिलों की दो महिला खिलाड़ियों को भी अवसर मिलेगा, जो बोर्ड की ट्राफी प्रतियोगिताओं में खेल रही हैं। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रतिस्पर्धा और अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का अवसर मिलेगा। टीमों का चयन ट्रायल के जरिए किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- कानपुर के घाटमपुर में 1000 एकड़ जमीन पर बनेगा टेक्सटाइल मशीनरी पार्क, यूपी के युवाओं को मिलेगा रोजगार
आयोजन समिति ने फ्रेंचाइजी को टीमों के नाम सुझाए हैं। जल्द ही फेंचाइजी की सहमति और सुझाव के बाद टीमों के नामों की घोषणा की जाएगी। छह टीमों को दो पूलों में रखा जाएगा। हर टीम को लीग दौर में दो-दो मैच खेलने को मिलेंगे। शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाइ करेंगी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए क्रिकेट एसोसिएशन लखनऊ द्वारा एक आयोजन समिति का गठन किया गया है।
