लखनऊ, जागरण संवाददाता। आज लखनऊ में सुबह से धूूप निकली है। मौसम विभाग बता रहा है कि अगले दो से चार दिनों तक तापमान में बढ़त दर्ज की जाएगी। इससेब चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। इसके अलावा लखनऊ समेत आसपास के जिलों में पांच जुलाई यानी कल हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। आज लखनऊ का अधिकतम तापमान 36 तो न्यूनतम तापमान 29 रहने की संभावना हैै।
बादलों की आवाजाही और तेज धूप के बीच उमस से रविवार को दिन भर चिपचिपी गर्मी बनी रही। हालांकि रात को हुई बारिश से मौसम थोड़ा सुहाना हो गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले दो दिनों तक तापमान में दो से तीन डिग्री तक की बढ़त दर्ज की जा सकती है। उसके बाद बारिश होने से पारे में गिरावट दर्ज होगी।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, राजधानी और आसपास के जिलों में कल (पांच जुलाई को) हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान मानसून पश्चिमी उत्तर प्रदेश का रुख कर सकता है। राज्य स्तरीय पूर्वानुमान में छह जुलाई से पश्चिमी जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को प्रदेश भर में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कम ही दर्ज हुआ।
राजधानी का अधिकतम तापमान 37.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान कानपुर में 37.7 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान बरेली में 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अगले दो दिनों तक लखनऊ और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं।
a