Lucknow Weather Update: पिछले 96 घंटे से लखनऊ धुंध के आगोश में, अभी बारिश के आसार नहीं
Lucknow Weather Update देश के टॉप-टेन प्रदूषित शहरों में राज्य के सर्वाधिक जनपद हैं। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक अभी बारिश के कोई आसार नहीं हैं। सुबह-शाम कोहरा रहेगा। लखनऊ में दिल्ली से ज्यादा हवा प्रदूषित रही। चौथे दिन भी शहर का एक्यूआइ 414 दर्ज किया गया।
लखनऊ, जेएनएन। Lucknow Weather Update: शहरवासियों को प्रदूषण से छुटकारा नहीं मिल रहा है। पिछले 96 घंटे से राजधानी लखनऊ धुंध के आगोश में है। यहां लगातार एक्यूआइ चार सौ के पार बना हुआ है। ऐसे में लोग बेहाल हैं।
सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की शनिवार की रिपोर्ट में यूपी के शहरों में प्रदूषण छाया हुआ है। देश के टॉप-टेन प्रदूषित शहरों में राज्य के सर्वाधिक जनपद हैं। शनिवार को गाजियाबाद देश में सबसे प्रदूषित शहर रहा। यहां एक्यूआइ 434 दर्ज किया गया। वहीं कानपुर नंबर दो पर रहा। यहां का एक्यूआइ 431 रिकॉर्ड किया गया। उधर, नंबर तीन पर बुलंदशहर रहा, यहां का एक्यूआइ 415 रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा राजधानी लखनऊ में दिल्ली से ज्यादा हवा प्रदूषित रही। यहां दिन पर धुंध छाई रही। इस दौरान चौथे दिन भी शहर का एक्यूआइ 414 दर्ज किया गया। वहीं, नोएडा का भी एक्यूआइ 414 रहा। इसके अलावा दिल्ली का एक्यूआइ 404, बागपत का 410, ग्रेटर नोएडा का 408 व रोहतक का 409 एक्यूआइ रिकॉर्ड किया गया।
हवा बदली, तापमान बढ़ा
शहर की हवा बदल गई है। अभी तक दक्षिणी-पूर्वी हवा चल रही थी। वहीं अब शनिवार से उत्तरी-पश्चिमी हवा चलने लगी। पहाड़ों से आने वाली हवा सुबह-शाम और ठंड बढ़ाएगी। शहर का अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 1.3 डिग्री अधिक है। वहीं, न्यूतम तापमान भी 1.7 डिग्री अधिक 11.3 सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक, अभी बारिश के कोई आसार नहीं हैं। सुबह-शाम कोहरा रहेगा।