हॉस्टल में खराब खाने पर फूटा छात्रों का गुस्सा, लखनऊ यूनिवर्सिटी के नए परिसर का गेट बंद कर धरने पर बैठे
लखनऊ विश्वविद्यालय के नवीन परिसर के छात्रों ने हॉस्टल में खराब भोजन की गुणवत्ता को लेकर धरना प्रदर्शन किया।

HighLights
लखनऊ विश्वविद्यालय के नवीन परिसर के छात्रों का धरना।
हॉस्टल में भोजन की खराब गुणवत्ता के खिलाफ प्रदर्शन।
छात्रों ने गेट नंबर-एक बंद कर सुधार की मांग की।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के हॉस्टलों में भोजन की गुणवत्ता में सुधार नहीं होने को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कुलपति प्रो. जेपी सैनी के लगातार निरीक्षण के बाद भी मेस की व्यवस्था बेहतर नहीं हुई।
बुधवार को नवीन परिसर के कौटिल्य और होमी जहांगीर भाभा छात्रावासों के विद्यार्थियों ने खाने की खराब गुणवत्ता के विरोध में धरना शुरू कर दिया। छात्रों ने न्यू कैंपस के गेट नंबर-एक को बंद कर प्रदर्शन किया।
विद्यार्थियों का आरोप है कि दोनों छात्रावासों में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। छात्रों ने गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराने के साथ मेस व्यवस्था में सुधार की मांग की।

गौरतलब है कि इससे पहले कैलाश छात्रावास में भी भोजन की गुणवत्ता को लेकर छात्रों की नाराजगी सामने आ चुकी है। इसके बाद विश्वविद्यालय के कुलपति ने मेस और भोजन व्यवस्था का निरीक्षण भी किया था। विद्यार्थियों के साथ भोजन करके उन्होंने व्यवस्था सही होने का संदेश भी दिया था, लेकिन पुराने परिसर के बाद अब नए परिसर में विरोध शुरू हो गया।
छात्रों का कहना है कि स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। धरने पर बैठे विद्यार्थियों ने कहा कि भोजन और छात्रावास से जुड़ी अन्य समस्याओं का ठोस समाधान होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
गेट नंबर-एक बंद किए जाने से नवीन परिसर में आवागमन भी प्रभावित हुआ। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से मौके पर पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने और तत्काल समाधान की मांग की।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में नादरगंज से रिंग रोड तक होगा सड़क का चौड़ीकरण, जलभराव और खराब सड़कों पर डीएम सख्त
