लविवि की 20 को होने वाली परीक्षाएं स्थगित, पॉलीटेक्निक की विशेष बैक पेपर परीक्षा निरस्त Lucknow News
डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि की भी 20 दिसंबर की परीक्षाएं स्थगित। नई तिथि 26 दिसंबर निर्धारित की गईं हैं।
लखनऊ, जेएनएन। नागरिकता संशोधन कानून (CAA) को लेकर गुरुवार को राजधानी में हुए उपद्रव के बाद लविवि प्रशासन ने विवि और उससे संबद्ध सभी महाविद्यालयों की 20 दिसंबर को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं। उधर, देर शाम डॉ. शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि की भी शुक्रवार को आयोजित होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर नई तिथि 26 दिसंबर निर्धारित की गईं हैं।
लविवि के परीक्षा नियंत्रक लेफ्टिनेंट कर्नल एके मिश्रा ने बताया कि 20 दिसंबर को आयोजित होने वाली विधि की परीक्षाएं छोड़कर अन्य 26 दिसंबर को अपने निर्धारित समय पर होंगी। वहीं, शकुंतला मिश्रा राष्ट्रीय पुनर्वास विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. अमित कुमार सिंह के मुताबिक, 20 को पहली और दूसरी पाली में होने वाली परीक्षाएं 26 को होंगी। इसके अलावा जिन विद्यार्थियों की एलीमेंट्री मैथमेटिक्स की बैक पेपर परीक्षाएं छह दिसंबर को नहीं हो सकीं थीं, वह 24 दिसंबर को सुबह 09:30 से 12:30 बजे तक होंगी।
ओल्ड कैंपस में होंगी लविवि की स्थगित परीक्षाएं, शेड्यूल जारी
तिथि | कक्षा | विषय | समय |
7 जनवरी | बीए प्रथम सेमेस्टर | शारीरिक शिक्षा | सुबह 9 से 12 बजे |
8 जनवरी | बीए तृतीय सेमेस्टर | शारीरिक शिक्षा | सुबह 9 से 12 बजे |
9 जनवरी | बीए प्रथम सेमेस्टर | शारीरिक शिक्षा | सुबह 9 से 12 बजे |
10 जनवरी | बीए तृतीय सेमेस्टर | शारीरिक शिक्षा | सुबह 9 से 12 बजे |
पॉलीटेक्निक की विशेष बैक पेपर परीक्षा निरस्त
प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से सात दिसंबर से चल रही विशेष बैक पेपर परीक्षा शुक्रवार को नहीं होगी। प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव एसके सिंह ने बताया कि अपरिहार्य कारणों से दोनों पालियों की परीक्षाएं स्थगित कर दी गईं हैं। इस दिन की परीक्षा की तिथि की घोषणा बाद में की जाएगी।
राजधानी के राजकीय पॉलीटेक्निक, राजकीय महिला पॉलीटेक्निक, हीवेट पॉलीटेक्निक और लखनऊ पॉलीटेक्निक के साथ ही मोहान रोड स्थित गोविंद बल्लभ पंत राजकीय पॉलीटेक्निक समेत प्रदेशभर में परीक्षाएं स्थगित होंगी। अन्य दिनों की परीक्षाएं निर्धारित केंद्रों पर यथावत समय पर होंगी। वहीं सामान्य छात्रों की सेमेस्टर परीक्षाएं गुरुवार को समाप्त हो गईं।