लखनऊ में कन्या पूजन और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर रूट डायवर्जन, हजरतगंज और बंदरियाबाग समेत कई रास्तों का बदला रहेगा ट्रैफिक
लखनऊ में कन्या पूजन और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के कारण 20 व 21 अक्टूबर को कई मार्गों पर रूट डायवर्जन ...और पढ़ें
-1792158993423_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
कन्या पूजन और दुर्गा विसर्जन के कारण रूट डायवर्जन।
हजरतगंज, बंदरियाबाग समेत कई मार्ग रहेंगे प्रतिबंधित।
वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। जनभवन में शनिवार को 5100 कन्याओं के पूजन और भोज कार्यक्रम को लेकर सुबह छह बजे से आयोजन समाप्त होने तक रूट डायवर्जन रहेगा। वहीं, दुर्गा प्रतिमाओं की शोभायात्रा और विसर्जन के मद्देनजर 20 और 21 अक्टूबर को सुबह आठ से कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।
शनिवार का रूट डायवर्जन
बंदरियाबाग चौराहा: यहां से जनभवन, डीएसओ चौराहा और हजरतगंज की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन गोल्फ क्लब चौराहा अथवा लालबत्ती चौराहा, एसएन ओवरब्रिज और कैंट होकर जा सकेंगे।
लालबत्ती चौराहा: यहां से प्रेरणा केंद्र तिराहा, एनेक्सी तिराहा और सिसेंडी तिराहे की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन बंदरियाबाग चौराहा, गोल्फ क्लब चौराहा या एसएन ओवरब्रिज और कैंट होकर निकलेंगे।
हजरतगंज चौराहा: यहां से जनभवन, डीएसओ चौराहा और बंदरियाबाग चौराहे की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन सिकंदरबाग चौराहा, दैनिक जागरण चौराहा या रायल होटल और बर्लिंग्टन चौराहा होकर जा सकेंगे।
रायल होटल चौराहा: यहां से सिसेंडी तिराहा, डीएसओ चौराहा, एनेक्सी तिराहा, प्रेरणा केंद्र तिराहा और लालबत्ती चौराहे की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन हजरतगंज, सिकंदरबाग या वर्लिंगटन चौराहे से होकर जा सकेंगे।
1090 चौराहा: यहां से रोडवेज बसें गोल्फ क्लब और बंदरियाबाग चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगी। बसें बैकुंठ धाम तिराहा और चिरैयाझील तिराहे से होकर निकलेंगी।
पार्क रोड चौराहा: यहां से डीएसओ चौराहे की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन हजरतगंज या गोल्फ क्लब चौराहे से होकर जा सकेंगे।
वन-वे रूट: डीएसओ चौराहे से पार्क रोड चौराहे तक और पार्क रोड चौराहे से हजरतगंज चौराहे तक वन-वे रूट बंद रहेगा।
20 और 21 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए रूट डायवर्जन
कमता से कैसरबाग: अयोध्या मार्ग और कमता की ओर से आने वाली रोडवेज बसें विजयीपुर अंडरपास, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, समतामूलक चौराहा, गांधी सेतु (1090), पीएनटी (बालू अड्डा), संकल्प वाटिका ओवरब्रिज, चिरैयाझील, क्लार्क अवध और सीडीआरआइ तिराहे होकर कैसरबाग बस अड्डे पहुंचेंगी।
सीतापुर रोड से कैसरबाग: रोडवेज और सिटी बसें मड़ियांव, पुरनिया, डालीगंज रेलवे क्रासिंग, पक्का पुल, शाहमीना तिराहा, डालीगंज पुल और सीडीआरआइ तिराहे होकर कैसरबाग जाएंगी। वापसी में बलरामपुर ढाल और शहीद स्मारक होकर निकलेंगी।
चौक और कैसरबाग से सुभाष चौराहा: इस मार्ग पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन क्लार्क अवध तिराहा से चिरैयाझील, सहारागंज तिराहा या संकल्प वाटिका ओवरब्रिज होकर जा सकेंगे।
डालीगंज इक्का-तांगा स्टैंड: यहां से झूलेलाल पार्क और नदवा बंधा तिराहे की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन डालीगंज पुल चौराहा या डालीगंज रेलवे क्रासिंग से होकर निकलेंगे।
टेलीफोन एक्सचेंज और मकबरा रोड: यहां से परिवर्तन चौक और सुभाष चौराहे की ओर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन कैसरबाग बस अड्डा या सीडीआरआइ, क्लार्क अवध और चिरैयाझील तिराहे होकर जा सकेंगे।
निराला नगर, आइटी चौराहा और हनुमान सेतु: यहां से सुभाष चौराहे की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन डालीगंज रेलवे क्रासिंग, डालीगंज पुल चौराहा या आइटी चौराहे से बाएं मुड़कर समथर पेट्रोल पंप और निशातगंज होकर निकल सकेंगे।
हजरतगंज से सुभाष चौराहा: इस मार्ग पर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन मकबरा रोड, टेलीफोन एक्सचेंज कार्यालय, सीडीआरआइ तिराहा और डालीगंज पुल चौराहा या सिकंदरबाग, सहारागंज, चिरैयाझील और क्लार्क अवध तिराहे होकर जा सकेंगे।
हनुमान सेतु और नदवा बंधा: यहां से झूलेलाल पार्क की ओर सामान्य यातायात नहीं जा सकेगा। वाहन आइटी चौराहा और डालीगंज रेलवे क्रासिंग होकर निकलेंगे।
महाराणा प्रताप चौराहा: यहां से हिवेट रोड और बंगाली क्लब की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन बर्लिंग्टन चौराहा या बांसमंडी चौराहे से होकर जा सकेंगे।
आपातकालीन वाहनों को मिलेगी छूट : रूट डायवर्जन के दौरान आवश्यकतानुसार एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को ट्रैफिक पुलिस या स्थानीय पुलिस की अनुमति से प्रतिबंधित मार्ग पर जाने दिया जाएगा। यातायात संबंधी जानकारी और सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल नंबर 9454405155 पर लोग संपर्क कर सकते हैं।
