लखनऊ-कानपुर एलीवेटेट हाईवे का निर्माण जल्द, 50 मिनट से भी कम समय का सफर
हाईवे से 50 मिनट से कम समय में ही लखनऊ से कानपुर पहुंचा जा सकेगा। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय से डीपीआर जल्द पास होने की उम्मीद।
लखनऊ, जेएनएन। राजधानी से कानपुर के बीच प्रस्तावित एलीवेटेड हाईवे का निर्माण बहुत जल्द शुरू कर दिया जाएगा। हाईवे अमौसी से ट्रांस गंगा सिटी के बीच संचालित किया जाएगा। इस हाईवे के लिए जितनी जमीन की आवश्यकता है, उसके लिए दो गजट मंत्रालय में जमा किए जा चुके हैं। जबकि, डीपीआर भी तैयार कर मंत्रालय को प्रेषित कर दी गई है। इसके जल्द ही पास हो जाने की उम्मीद है।
कानपुर से लखनऊ तक एक्सप्रेस-वे के लिए प्रक्रिया तेज हो गई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की एक्सप्रेस-वे इकाई ने इजिस इंडिया लिमिटेड को डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने की जिम्मेदारी दी है। कंसलटेंट कंपनी ने डीपीआर तैयार कर भूतल परिवहन मंत्रालय को सौंप दी है। यह एक्सप्रेस-वे सिक्स लेन का होगा। इसके बन जाने के बाद कानपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का भार कम होगा और यातायात भी सुगम हो जाएगा।
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी ने बताया कि ये हाईवे लखनऊ और कानपुर के लिए तोहफा होगा। इसकी प्रक्रिया तेजी से चल रही है। यहां डीपीआर पूरी बनाई जा चुकी है। दो गजट भी जमा हो गए हैं। कुछ समय बाद ही टेंडर प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। राजधानी में अमौसी से कानपुर में ट्रांस गंगा सिटी तक इसका निर्माण किया जाएगा। ये एलीवेटेड हाईवे उन्नाव में भी नीचे नहीं उतारेगा। इससे इसमें और अधिक तेज रफ्तार से यात्री चल सकेंगे।