पेपर रोल में छिपाकर ले जा रहा था 37 किलो गांजा, एक चक्कर के मिलते थे 50 हजार; STF ने ऐसे पकड़ा
एसटीएफ और पीजीआई पुलिस ने लखनऊ में किसान पथ अंडरपास के पास एक डीसीएम से पेपर रोल के बीच छिपाकर रखा 37 किलो गांजा बरामद किया।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
लखनऊ में 37 किलो गांजा बरामद, एसटीएफ की कार्रवाई।
पेपर रोल के बीच छिपाकर ले जा रहा था तस्कर।
चालक रघुनाथ गिरफ्तार, मुख्य सरगना की तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। ओडिशा से पंजाब तक गांजे की तस्करी पेपर रोल ले जाने के बहाने हो रही थी। एसटीएफ और पीजीआइ पुलिस की संयुक्त टीम ने शनिवार रात किसान पथ अंडरपास के निकट डीसीएम रोककर तलाशी ली तो पेपर रोल के बीच छिपाकर रखा गया 37 किलो गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने चालक रघुनाथ महादेव इंगोले को गिरफ्तार कर लिया। एसटीएफ के डिप्टी एसपी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव के मुताबिक रघुनाथ मूलरूप से लुधियाना का रहने वाला है।
सूचना मिली थी कि गांजे की खेप उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में सप्लाई की जा रही है। दरोगा फैजुद्दीन सिद्दीकी की टीम ने रायबरेली की ओर से आ रही डीसीएम को रोककर तलाशी ली। दो बोरियों में एक-एक किलो के 37 पैकेट मिले।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि गांजा लुधियाना निवासी संजीव उर्फ संजय का है। ओडिशा से भाड़े पर माल लाते समय वह डीसीएम में गांजा लोड करा देता था।
खेप टंडारी औद्योगिक क्षेत्र में पहुंचानी होती थी, जिसके बदले चालक को प्रति चक्कर 50 हजार रुपये मिलते थे। रघुनाथ 2022 में रायबरेली के डलमऊ में छह क्विंटल गांजे के साथ पकड़ा जा चुका है। पीजीआइ थाने में दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस संजीव की तलाश कर रही है।
