विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ एसटीएफ का एक्शन, करोड़ों की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार; IPO में निवेश के नाम पर फंसाता था गिरोह

Published: Wed, 23 Sep 2026 06:45 AM (IST)

एसटीएफ ने देहरादून से करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपित विवेक कुमार सिंह को गिरफ्तार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. एसटीएफ ने देहरादून से साइबर ठगी के आरोपी को पकड़ा।

  2. विवेक कुमार सिंह आइपीओ निवेश का लालच देकर ठगी करता था।

  3. ठगी की रकम डिजिटल मुद्रा में बदलकर दुबई भेजी जाती थी।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। शेयर बाजार और विभिन्न कंपनियों के आइपीओ में निवेश का लालच देकर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के एक आरोपित को एसटीएफ ने देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपित विवेक कुमार सिंह देहरादून के राजपुर का निवासी है और लखनऊ साइबर क्राइम थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित था। जांच में अब तक 3087 ऑनलाइन शिकायतें सामने आई हैं।

एसटीएफ के पुलिस उपाधीक्षक शुधांशु शेखर के अनुसार, विवेक बीटेक (यांत्रिक अभियंत्रण) है। उसके पास से एक लैपटाप, दो मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड, दो राउटर और नकदी बरामद की गई है। उसे 19 सितंबर की रात राजपुर क्षेत्र स्थित फ्लैट से गिरफ्तार किया गया। विवेक और उसके गिरोह के सदस्य इंस्टाग्राम पर शेयर बाजार में निवेश और विश्लेषण से संबंधित फर्जी विज्ञापन डालकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे।

इसके बाद निवेशकों को वाट्सएप समूहों में जोड़कर फर्जी लाभ के स्क्रीनशॉट दिखाए जाते थे। इससे निवेशकों को अधिक रकम लगाने के लिए प्रेरित किया जाता था। ठगी की रकम फर्जी कंपनियों के नाम से खोले गए बैंक खातों में मंगाई जाती थी।

कई स्तर पर रकम स्थानांतरित करने के बाद उसे डिजिटल मुद्रा में बदलकर दुबई में बैठे सहयोगियों तक पहुंचाया जाता था। एसटीएफ के अनुसार, विवेक के विरुद्ध लखनऊ के साइबर क्राइम थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे ट्रांजिट रिमांड के लिए देहरादून के राजपुर थाने में दाखिल किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- आदेश आते रहे-अतिक्रमण होते रहे, सुप्रीम कोर्ट की कड़ाई के बावजूद यूपी में अवैध निर्माणों पर कार्रवाई में ढिलाई