लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में सोसायटी चुनाव में खूनी झड़प, गला दबाकर हत्या के प्रयास का आरोप
सुशांत गोल्फ सिटी के गंगोत्री इन्क्लेव में सोसायटी चुनाव के दौरान एक व्यक्ति पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगा ...और पढ़ें

HighLights
सोसायटी चुनाव के दौरान गंगोत्री इन्क्लेव में विवाद।
तुषार गर्ग पर मारपीट, गला दबाकर हत्या का प्रयास।
डिप्टी रजिस्ट्रार की मौजूदगी में हुई घटना, पुलिस जांच की मांग।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सुशांत गोल्फ सिटी के अवध बिहार योजना स्थित गंगोत्री इन्क्लेव में सोसायटी के चुनाव के दौरान विवाद हो गया। एक पक्ष के तुषार गर्ग ने सोसायटी के कुछ सदस्यों पर गाली-गलौज कर मारपीट करने और गला दबाकर हत्या की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़ित के मुताबिक, घटना डिप्टी रजिस्ट्रार और निर्वाचन अधिकारी अविनाश कुमार सिंह समेत अन्य निवासियों के सामने हुई। मामले में पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
तुषार गर्ग के अनुसार, 18 अक्टूबर को सोसायटी में चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान सुभाष पांडेय, राजीव सिंह, बृजेश पांडेय, राकेश कुमार, राजीव दुबे और राजेश सिंह समेत अन्य लोगों ने कथित तौर पर एकजुट होकर हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि चुनाव निरस्त कराने के उद्देश्य से उनके साथ अभद्रता की गई और विरोध करने पर मारपीट की गई। सुभाष पांडेय पर गला दबाकर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित का आरोप है कि हमले के दौरान उन्हें जमीन पर पटक दिया गया। वहां मौजूद लोगों की मदद से उनकी जान बच सकी। घटना में आंख और सिर में चोट लगने के साथ गले पर दबाव के निशान पड़ने की बात भी तहरीर में कही गई है। चोट के कारण उल्टियां होने का भी दावा किया गया है।
तुषार के मुताबिक, घटना की सूचना पुलिस की आपातकालीन सेवा 112 पर देने के बाद भी आरोपितों ने दोबारा गाली-गलौज कर धमकाया। महिलाओं और बच्चों के सामने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का भी आरोप है। घटना का वीडियो बनाने के दौरान राजीव सिंह और राजीव दुबे पर मोबाइल छीनने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़ित ने दावा किया कि घटना से चुनाव में भय का माहौल बन गया और कई मतदाता वहां से चले गए। उन्होंने डिप्टी रजिस्ट्रार के कार्यालय में लगे कैमरों की रिकार्डिंग को भी साक्ष्य बताया है। पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
