विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवा हत्याकांड: श्रद्धा को नेपाल पहुंचाने वाला आमिर खुलेआम डाल रहा रील्स, पुलिस की गिरफ्त से अब तक बाहर

Published: Sun, 25 Oct 2026 05:26 AM (IST)

कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड में आरोपितों की फरारी में मदद करने वाला आमिर, पुलिस द्वारा पूछताछ के बाद भी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. शिवा हत्याकांड में फरार आरोपितों का मददगार आमिर अब भी आजाद।

  2. पुलिस ने पूछताछ के बाद भी आमिर को गिरफ्तार नहीं किया।

  3. पुलिस फरार आरोपितों के रूट मैप की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। कैफे संचालक शिवा शर्मा हत्याकांड में जेल भेजी गई श्रद्धा दुबे, उसकी बहन रश्मि और चालक दानिश उर्फ तनवीर की फरारी में मदद करने वालों पर पुलिस की कार्रवाई सवालों के घेरे में है। दुबग्गा निवासी आमिर ने तीनों को नेपाल पहुंचाने में मदद की थी।

आरोप है कि उसने फरारी के दौरान तीनों को सिम कार्ड भी उपलब्ध कराया था। पुलिस ने पूछताछ के बाद आमिर को छोड़ दिया था। अब वह खुलेआम इंटरनेट मीडिया पर रील अपलोड कर रहा है। शुक्रवार को भी उसने इंस्टाग्राम पर वीडियो डाला। इसके बावजूद उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस श्रद्धा, रश्मि और दानिश के फरारी के दौरान अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचने का रूट मैप तैयार कर रही है। तीनों को नेपाल पहुंचाने वाले आमिर के अलावा एक अन्य व्यक्ति भी पुलिस की तलाश में है। उसके घरवालों ने पुलिस से संपर्क कर उसकी जानकारी मांगी है। फिलहाल तीन संदिग्धों की तलाश में पुलिस की दो टीमें दबिश दे रही हैं।

पुलिस को दिया लगातार चकमा

इस मामले में विवेचना में चार प्रमुख बिंदुओं को शामिल किया गया है। श्रद्धा ने वीडियो जारी कर शिवा की मौत को आत्महत्या बताया था। पुलिस ने श्रद्धा समेत अन्य आरोपितों से सवाल किया कि यदि शिवा ने आत्महत्या की थी तो वे सभी फरार क्यों हुए? मोबाइल बंद कर लोगों से संपर्क क्यों किया और पुलिस को लगातार चकमा क्यों दिया? इस पर श्रद्धा ने जेल जाने के डर की बात कही थी।

हालांकि, पड़ोसियों के बयान घटना को हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। एक पड़ोसी के मुताबिक, श्रद्धा दोबारा अपार्टमेंट में आई तो उन रास्तों से गुजरी, जहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे। इसके बाद वह फरार हो गई। पुलिस अब इन बयानों और सीसी फुटेज का मिलान कर रही है।

घटना से जुड़े पांच सवाल

  • आत्महत्या थी तो श्रद्धा समेत अन्य आरोपित फरार क्यों हुए?
  • मोबाइल बंद कर शातिर तरीके से लोगों से संपर्क क्यों किया?
  • शिवा आत्महत्या के वक्त सिर्फ चड्ढी में क्यों था?
  • नौकरानी के मुताबिक, विवाद के दौरान वह कमरे में थी, फिर शिवा को कूदने से क्यों नहीं रोका?
  • शिवा को पुरानी चोट कैसे लगी थी और उसे सिगरेट से क्यों दागा गया था?