विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महज 2 घंटे में 411 लोगों का कट गया चालान, लखनऊ में शराब पीकर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने चलाया स्पेशल अभियान

Published: Tue, 14 Apr 2026 07:54 PM (IST)

लखनऊ पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ दो घंटे का विशेष अभियान चलाया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. पुलिस ने 106 स्थानों पर 2339 लोगों की जांच की।

  2. सार्वजनिक स्थानों पर 411 लोगों का चालान किया गया।

  3. अभियान आगे भी जारी रहेगा, पुलिस ने दी चेतावनी।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्ती दिखाई। महज दो घंटे की कार्रवाई में 106 स्थानों पर चेकिंग कर 2339 लोगों की जांच की गई, जिसमें 411 लोगों का चालान किया गया।

संयुक्त पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था बबलू कुमार ने बताया कि सोमवार रात विशेष अभियान चलाया गया। रात आठ से दस बजे तक चले इस अभियान में सभी जोनों के एसीपी और थाना प्रभारियों की टीमों ने सड़कों, बाजारों, पार्कों और चौराहों पर सघन चेकिंग की।

अभियान के दौरान कुल 106 स्थानों पर 2339 व्यक्तियों की जांच की गई। इनमें से 411 लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते या नशे में हुड़दंग करते पाए गए, जिनके खिलाफ धारा 34 के तहत चालान की कार्रवाई की गई। साथ ही सभी को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की कड़ी चेतावनी दी गई।

पुलिस टीमों ने गोपालपुरवा, पेपर मिल रोड, रिंग रोड, मोतीनगर, राजेंद्र नगर, कल्ली पश्चिमी, तिवारीगंज, इंजीनियरिंग चौराहा, गीतापुरी मार्केट और हुसाड़िया जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी। इस दौरान राहगीरों, महिलाओं और आम लोगों को परेशान करने वालों पर विशेष रूप से कार्रवाई की गई।

जोनवार कार्रवाई में पश्चिमी जोन में सबसे अधिक 115 लोगों का चालान हुआ, जबकि उत्तरी जोन में 114, पूर्वी जोन में 86, दक्षिणी जोन में 51 और मध्य जोन में 45 लोगों पर कार्रवाई की गई। जेसीपी ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने शराब दुकानदारों को भी निर्देश दिए कि दुकानों के बाहर अनावश्यक भीड़ न लगने दें। साथ ही आमजन से अपील की गई कि सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से दूर रहें।