ग्रामीण स्वच्छता में 28वें पायदान पर नवाबो का शहर, टॉप पर रहा शामली जिला
स्मार्ट सिटी में पांचवें पायदान पर काबिज लखनऊ ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण के टॉप-20 में भी जगह नहीं बना सका। दूसरे नंबर पर बिजनौर, टॉप टेन में लखनऊ मंडल का एक भी जनपद नहीं।
लखनऊ[महेन्द्र पाण्डेय]। स्मार्ट सिटी में पांचवें पायदान पर काबिज लखनऊ को ग्रामीण स्वच्छता सर्वेक्षण में टॉप-20 में भी जगह नहीं मिली। हैरत की बात है कि जनसंख्या व संसाधनों के मुकाबले राजधानी से काफी पीछे रहने वाला शामली जिला सर्वेक्षण में टॉप कर गया। जबकि लखनऊ को 28वीं रैंक हासिल हुई।
शहरों की तर्ज पर पहली बार एक अगस्त से 31 अगस्त तक प्रदेश के सभी जिलों में स्वच्छ ग्राम स्वच्छ जिला अभियान चलाया गया था। इसके तहत हर जिले से कम से कम दस गांवों का चयन किया गया था। वहां के सार्वजनिक स्थलों पर केंद्रीय पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय की ओर से नामित स्वतंत्र एजेंसी ने साफ-सफाई का सर्वेक्षण किया था। लखनऊ के 12 गांवों में टीम ने गोपनीय सर्वेक्षण किया था। इसके इतर स्थानीय नागरिकों के सुझावों व स्वच्छता के नजरिए के आधार पर रैंक जारी की गई है। जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि फीडबैक व स्वच्छता में कुछ कमियां रह गई थीं, ऐसे में लखनऊ को नंबर कम मिले।
इस पर मिला इतना वेटेज
- प्रत्यक्ष निरीक्षण: 30 प्रतिशत (इसमें शौचालयों की उपलब्धता पर पांच-पांच, सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा-करकट व गांवों में जलभराव पर दस-दस प्रतिशत वेटेज था।)
- नागरिकों का फीडबैक : 35 प्रतिशत (इसमें सामान्य नागरिकों के फीडबैक पर 20, प्रबुद्ध जन पर 10 व नागरिकों के ऑनलाइन फीडबैक पर पांच फीसद वेटेज था।)
- सर्विस लेवल प्रगति : 35 प्रतिशत। (इसमें सफाई, खुले में शौच से मुक्त गांव व संपत्तियों की जियो टैगिंग पर पांच-पांच, सत्यापित ओडीएफ गांव व शौचालयों की स्थिति पर 10-10 फीसद वेटेज था।)
टॉप टेन रैंक वाले जिले :
रैंक | जिला | नंबर |
1 | शामली | 91.13 |
2 | बिजनौर | 90.85 |
3 | सहारनपुर | 85.56 |
4 | मेरठ | 87.41 |
5 | मुजफ्फरनगर | 86.02 |
6 | मुरादाबाद | 85.16 |
7 | बागपत | 83.28 |
8 | गाजीपुर | 82.27 |
9 | श्रावस्ती | 82.23 |
10 | मथुरा | 82.08 |
लखीमपुर खीरी को 15वीं रैंक, बाराबंकी को 20वीं :
स्वच्छता सर्वेक्षण में लखनऊ मंडल में लखीमपुर खीरी जिले को 15वीं रैंक मिली है। फैजाबाद मंडल में बाराबंकी को 20वीं रैंक मिली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को 23वीं, अमेठी को 31वीं, सुलतानपुर को 32वीं, आंबेडकरनगर को 33वीं, बहराइच 37वीं, फैजाबाद को 38वीं व गोंडा को 40वीं रैंक मिली है।