लखनऊ में पति ने मजाक में कह दिया ‘तुम बंदरिया हो’, तो मॉडल पत्नी ने उठाया आत्मघाती कदम
Lucknow Crime News: तनु सिंह लखनऊ के सआदतगंज लकड़मंडी की रहने वाली थीं। उन्होंने चार वर्ष पहले इंदिरानगर तकरोही के ...और पढ़ें

तनु सिंह (फाइल फाेटाे)
HighLights
पुलिस ने शव का कराया पोस्टमॉर्टम
अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं, जांच में जुटी पुलिस
जागरण संवाददाता, लखनऊ : राजधानी में एक महिला ने मामूली के मजाक में आत्मघाती कदम उठा लिया। परिवार का दावा है कि पति के 'बंदरिया' कहने से आहत होकर उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
28 वर्षीया तनु सिंह मॉडलिंग को लेकर बेहद संवेदनशील थीं। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया है, लेकिन अभी तक कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है। तनु के परिवार वाले बेहद सदमे में हैं।
इंदिरानगर थाना क्षेत्र में एक 28 वर्षीय मॉडलिंग करने वाली महिला तनु सिंह ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार का दावा है कि पति राहुल ने मजाक में उन्हें ‘बंदरिया’ कह दिया था, जिससे आहत होकर उन्होंने यह कदम उठाया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिवार को सौंप दिया है, लेकिन इस प्रकरण में अभी तक कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। मामले की जांच जारी है।
तनु सिंह लखनऊ के सआदतगंज लकड़मंडी की रहने वाली थीं। उन्होंने चार वर्ष पहले इंदिरानगर तकरोही के राहुल श्रीवास्तव से लव मैरिज की थी। दोनों की मुलाकात एक दोस्त के माध्यम से हुई थी और परिवारों की सहमति के बाद शादी हुई थी। राहुल ऑटो चालक है और दोनों इंदिरा नगर में साथ रह रहे थे।
तनु सिंह मॉडलिंग के क्षेत्र में सक्रिय थीं और पेशे को लेकर काफी संवेदनशील थीं। शादी के चार साल बाद भी उनकी कोई संतान नहीं थी। तनु सिंह अपने करियर और लुक्स को लेकर काफी संवेदनशील थी, शायद यही वजह थी कि मजाक में कहे गए शब्द उसे गहरे चुभ गए।
तनु की बहन अंजली ने बताया कि बुधवार शाम को परिवार सीतापुर में एक रिश्तेदार के घर गया था और वहां से लौटने के बाद सभी घर पर एक साथ बैठकर हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान राहुल ने मजाक में तनु सिंह को बंदरिया कह दिया। इससे तनु आहत हो गईं और नाराज होकर अपने कमरे में चली गईं।
परिवार के लोगों को लगा कि कुछ देर में वह सामान्य हो जाएंगी। करीब एक घंटे बाद जब खाना खाने के लिए आवाज दी गई तो कोई जवाब नहीं आया तो परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे तो वहां तन्नू का शव छत के पंखे से दुपट्टे के फंदे पर लटका मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई तो मौके पर पहुंची इंदिरानगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
जांच अधिकारी ने बताया प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का कारण पारिवारिक विवाद या मजाक में कही गई बात लग रही है। परिवार की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं दी गई है। अगर कोई शिकायत मिलती है तो उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
