लखनऊ में 3 साल पुराने हत्या के केस से परेशान था डिलीवरी ब्वॉय, ट्रेन से कटकर की आत्महत्या
मोहनलालगंज में हत्या के मुकदमे से परेशान एक युवक सचिन कश्यप ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। उसका ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
हत्या के मुकदमे से परेशान युवक ने की आत्महत्या।
मोहनलालगंज में पुरसेनी रेलवे क्रासिंग पर मिला शव।
मृतक सचिन कश्यप था, डिलीवरी ब्वॉय का काम करता था।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में हत्या के मुकदमे में आरोपित युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। बुधवार सुबह पुरसेनी रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे ट्रैक पर उसका क्षत-विक्षत शव मिला। राहगीरों ने शव पड़ा देखा तो परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान गोपालखेड़ा निवासी सचिन कश्यप के रूप में हुई। पिता रामखेलावन ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले पड़ोसी युवक अमन की हत्या हुई थी। इस मामले में सचिन भी आरोपित था और जेल जा चुका था। हत्या के मुकदमे को लेकर वह काफी समय से परेशान चल रहा था। सचिन एक कंपनी में डिलीवरी ब्वाय का काम करता था।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम सचिन घर आया था। कुछ देर बाद मोबाइल फोन और छाता लेकर पैदल निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार ने उसकी काफी तलाश की, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। बुधवार सुबह पुरसेनी रेलवे क्रासिंग के पास रेलवे ट्रैक पर उसका शव मिलने की सूचना मिली।
यह भी पढ़ें- कौशल किशोर के बदले तेवर: भाजपा नेताओं पर साधा निशाना, बोले- उसूलों पर न चलने वाले खत्म
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव के पास ही सचिन का मोबाइल फोन और छाता भी मिला। इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में हत्या के मुकदमे को लेकर युवक के परेशान होने की बात सामने आई है। इसी के चलते ट्रेन के आगे कूदकर जान देने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सचिन के परिवार में पिता रामखेलावन, मां रजनी, भाई विपिन और बहन पूनम हैं।
यह भी पढ़ें- यूपी में छात्रवृत्ति से छूटे छात्रों को बड़ी राहत, PFMS के माध्यम से इसी महीने खाते में आएगी राशि
