लखनऊ में अधिवक्ताओं की सुविधाओं के लिए मिलेंगे 10 लाख रुपये, बार भवन में Wi-Fi और LCD का हुआ लोकार्पण
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सरोजनीनगर तहसील बार एसोसिएशन के कार्यक्रम में बार भवन में एलसीडी व वाई-फाई का लोकार्पण किया।

बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में संबोधित करते विधायक डॉक्टर राजेश्वर सिंह।
HighLights
विधायक ने बार भवन में एलसीडी और वाई-फाई का लोकार्पण किया।
तहसील परिसर की सड़कों के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा।
बार परिसर में पांच सोलर लाइटें लगवाने का आश्वासन दिया।
संवाद सूत्र, सरोजनीनगर। सरोजनीनगर तहसील बार एसोसिएशन की ओर से सोमवार को विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक ने बार भवन में एलसीडी एवं वाई-फाई सुविधा का लोकार्पण किया। उन्होंने तहसील परिसर स्थित बार की सड़कों के निर्माण व मरम्मत के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही बार परिसर में पांच सोलर लाइटें लगवाने की बात कही।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। बार भवन में सुविधाओं के विस्तार और अधिवक्ताओं की आवश्यकताओं को पूरा कराने के लिए वह हरसंभव सहयोग करेंगे। उन्होंने तहसील परिसर में अधिवक्ता की मृत्यु के बाद उनके पिता लाल बहादुर सिंह को आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलेश प्रताप सिंह चौहान ने विधायक का स्वागत करते हुए कहा कि बार की समस्याओं के समाधान के लिए विधायक की ओर से लगातार सहयोग किया जा रहा है। उन्होंने सड़क, प्रकाश और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को अधिवक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।
महामंत्री राजेंद्र यादव ने कहा कि बार भवन में एलसीडी व वाई-फाई की सुविधा शुरू होने से अधिवक्ताओं को न्यायिक कार्यों में सहूलियत मिलेगी। उन्होंने बार की अन्य आवश्यकताओं को भी विधायक के समक्ष रखा।
कार्यक्रम में एसडीएम अभिषेक कुमार सिंह, पूर्व केकेसी अध्यक्ष हरि शंकर सिंह चौहान, वरिष्ठ भाजपा नेता शिव शंकर सिंह चौहान (संकरी), पार्षद प्रतिनिधि लवकुश रावत, पूर्व प्रधान प्रतिनिधि पवन सिंह समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
