लखनऊ में मेट्रो के फेज-1बी का काम शुरू, मृदा परीक्षण का टेंडर लेने वाली कंपनी करने लगी खोदाई
Lucknow Metro Phase 1B: खोदाई के बाद कंपनी मृदा परीक्षण कराएगी। रिपोर्ट के आधार पर एक महीने के भीतर एलिवेटेड ...और पढ़ें

मूसाबाग में मेट्रो निर्माण की पाइलिंग के लिए खोदाई शुरू
HighLights
लखनऊ में ईस्ट-वेस्ट मेट्रो कॉरिडोर पर पहले होगा पाइलिंग का काम
मूसाबाग में मृदा परीक्षण का टेंडर लेने वाली कंपनी के कर्मी हुए एक्टिव
जागरण संवाददाता, लखनऊ। राजधानी लखनऊ में चारबाग से वसंतकुंज तक प्रस्तावित लखनऊ मेट्रो के फेज-1बी का जमीन पर काम शनिवार को शुरू हो गया।
एलिवेटेड कॉरिडोर बनाने का टेंडर लेने वाली कंपनी ने मूसाबाग में मेट्रो निर्माण की पाइलिंग के लिए खोदाई शुरू कर दी। खोदाई के बाद कंपनी मृदा परीक्षण कराएगी। रिपोर्ट के आधार पर एक महीने के भीतर एलिवेटेड सेक्शन बनाने के लिए पाइलिंग शुरू हो जाएगी। यह काम दो वर्ष में पूरा हो जाएगा।
चारबाग से वसंतकुंज तक ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर की लंबाई 11.165 किलोमीटर होगी। इसमें सात भूमिगत व पांच एलिवेटेड स्टेशन होंगे। इस प्रोजेक्ट पर करीब 5801 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यूपीएमआरसी ने ईस्ट-वेस्ट कारिडोर के लिए सभी महत्वपूर्ण टेंडर जारी करा दिए हैं।
पांच एलिवेटेड और सात भूमिगत स्टेशनों के लिए अलग-अलग टेंडर दो चरणों में दिए गए। इसके अलावा वसंतकुंज में मेट्रो डिपो, सात प्रवेश लाइन, रोलिंग स्टाक जैसे टेंडर भी जारी हो गए हैं। पिछले दिनों ही पांच एलिवेटेड स्टेशनो के निर्माण का टेंडर फाइनल करते हुए कंपनी का चयन कर लिया गया है। जबकि भूमिगत मेट्रो स्टेशन के लिए भी अगस्त माह तक कंपनी का चयन हो जाएगा।
एलिवेटेड सेक्शन के लिए लगभग 384 करोड़ रुपये का सिविल निर्माण टेंडर मेसर्स रंजीत बिल्डकान लिमिटेड को दिया गया है। यह कंपनी ठाकुरगंज मेट्रो स्टेशन से वसंतकुंज मेट्रो स्टेशन के बीच एलिवेटेड मेट्रो कारिडोर और पांच एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों का डिजाइन एवं निर्माण करेगी। लगभग 4.6 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड सेक्शन पर ठाकुरगंज, बालागंज, सरफराजगंज, मूसाबाग और वसंतकुंज स्टेशन होंगे। मुख्य लाइन को डिपो के प्रवेश और निकास से जोड़ने के लिए 740 मीटर लंबा रैंप भी बनाया जाएगा।
शुरू होगा भूमिगत सेक्शन का काम
चारबाग से चौक मेट्रो स्टेशन तक लगभग 6.9 किलोमीटर लंबे भूमिगत सेक्शन का काम भी जल्द शुरू हो सकता है। सात अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशनों, सुरंग और कारिडोर निर्माण के लिए लगभग यूपीएमआरसी ने 1877.89 करोड़ रुपये का टेंडर इसी माह जारी किया है। यह टेंडर 28 जुलाई को खोला जाएगा। सफल बोलीदाता के चयन के बाद कार्यादेश जारी किया जाएगा।
प्रारंभ होने की तिथि से 36 माह के भीतर निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा। भूमिगत सेक्शन पर चारबाग, गौतमबुद्ध मार्ग, अमीनाबाद, पांडेयगंज, सिटी मेट्रो स्टेशन, मेडिकल चौराहा और चौक मेट्रो स्टेशन होंगे। चौक मेट्रो स्टेशन से एलिवेटेड कारिडोर को जोड़ने के लिए लगभग 350 मीटर लंबा रैंप भी निर्मित किया जाएगा।
