विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में गर्लफ्रेंड से वीडियो कॉल के दौरान युवक ने खुद को मारी गोली, मौके पर कीटनाशक दवा मिलने से उलझी जांच

Published: Fri, 18 Sep 2026 07:58 PM (IST)

लखनऊ में शहीदपथ के पास एक युवक ने प्रेमिका से वीडियो कॉल के दौरान खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई।

मौके पर साक्ष्य जुटाती फोरेंसिक टीम।

मौके पर साक्ष्य जुटाती फोरेंसिक टीम।

HighLights

  1. युवक ने प्रेमिका से वीडियो कॉल के दौरान खुद को गोली मारी।

  2. घायल युवक करन यादव की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत।

  3. घटनास्थल पर कीटनाशक दवा मिलने से जांच का दायरा बढ़ा।

जागरण टीम, लखनऊ। शहीदपथ के पास बिजनौर के जालिम खेड़ा गांव के जंगल में शुक्रवार दोपहर युवक ने प्रेमिका से वीडियो कॉल के दौरान खुद को गोली मार ली। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल 25 वर्षीय करन यादव को पुलिस लोकबंधु अस्पताल ले गई, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटनास्थल पर पिस्टल के अलावा कीटनाशक दवा की दो खुली शीशियां, कोल्डड्रिंक व पानी की खाली बोतल और डिस्पोजल गिलास मिलने से पुलिस की जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस जहर खाने की आशंका से भी मामले की जांच कर रही है।

रायसिंह खेड़ा निवासी करन यादव शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे घर से ड्यूटी जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। वह वृंदावन कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की निजी कार चलाता था। दोपहर करीब एक बजे वह जालिम खेड़ा गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर जंगल के पास पहुंचा। बाइक सड़क किनारे खड़ी करने के बाद वह करीब 100 मीटर अंदर चला गया।

पुलिस के मुताबिक, जंगल में पहुंचकर करन ने एक युवती को वीडियो कॉल की। बातचीत के दौरान उसने कथित तौर पर खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे। करन खून से लथपथ पड़ा था। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस पहुंची और उसे अस्पताल भेजा। घटनास्थल की जांच में पुलिस को एक देसी पिस्टल मिली, जिसे प्रारंभिक जांच में अवैध बताया जा रहा है।

इसके साथ ही कोल्डड्रिंक की खाली बोतल, पानी की बोतल, डिस्पोजल गिलास और दवा की दो छोटी खुली शीशियां मिलीं। करन के मुंह से झाग भी निकल रहा था। फील्ड यूनिट ने मौके से सभी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दवा की शीशियां और अन्य सामान घटना से पहले करन के इस्तेमाल में थे या नहीं। प्रभारी निरीक्षक कपिल गौतम के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में करन के युवती से प्रेम संबंध होने की जानकारी मिली है।

वह घटना से पहले उससे वीडियो कॉल पर बात कर रहा था। पुलिस कॉल डिटेल के आधार पर युवती की जानकारी जुटा रही है। उससे पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वीडियो कॉल के दौरान क्या बातचीत हुई और आत्महत्या की वजह क्या थी। परिवारजन ने फिलहाल कोई तहरीर नहीं दी है।