विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ: खेत पर काम करने गए युवक का जंगल में मिला शव, पीठ पर थे रगड़ने के निशाना

Published: Fri, 16 Jan 2026 07:59 PM (IST)

लखनऊ के बंथरा में सहिजनपुर गांव के एक युवक का शव अमावा जंगल में मिला। युवक गुरुवार सुबह खेत पर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. खेत पर गए युवक का शव जंगल में मिला।

  2. पीठ पर मिले रगड़ने के निशान, हत्या की आशंका।

  3. पुलिस ने साक्ष्य जुटाए, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार।

संवाद सूत्र, बंथरा (लखनऊ)। सहिजनपुर गांव निवासी 30 वर्षीय युवक गुरुवार की सुबह घर से खेत पर जाने के लिए निकला था। गुरुवार देर शाम तक वापस नहीं लौटा तो परिवारजन ने खोजबीन शुरू की लेकिन पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह उनका शव अमावा जंगल में पड़ा मिला। भाई तलाशते हुए जंगल की तरफ गया तो उन्हें शव पड़ा मिला। परिवार के मुताबिक, युवक की पीठ पर रगड़ने के निशान थे। उन्होंने हत्या करने की आशंका जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

सहिजनपुर निवासी राजेंद्र कुमार गुरुवार की सुबह करीब नौ बजे घर से दो किमी दूर अमावा जंगल के पास स्थित खेत में फसल की सिंचाई के लिए गए थे। परिवारजन ने बताया कि राजेंद्र देर शाम तक घर नहीं आए तो आसपास लोगों से जानकारी की लेकिन कुछ पता नहीं चला। खेत पर भी गए लेकिन राजेंद्र वहां नहीं मिले।

रिश्तेदारों और राजेंद्र के दोस्तों से जानकारी ली। देर रात तक उनका कोई पता नहीं चला तो सुबह फिर खोजबीन शुरू की गई। शुक्रवार की सुबह लगभग 11 बजे बड़ा भाई सुभाष अमावा जंगल में राजेंद्र को ढूंढते हुए पहुंचा तो उनका शव झाड़ियों के बीच बने एक गड्ढे में पड़ा मिला। शव देख सुभाष के होश उड़ गए। रोते-बिलखते वह अपने घर पहुंचा और जानकारी परिवारजन को दी।

कुछ ही देर में परिवार के साथ ही आसपास के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए फिर सूचना बंथरा पुलिस को दी गई। पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परिवार ने हत्या करने के बाद शव झाड़ियों में फेंकने के आरोप लगाए हैं। थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार ने बताया कि परिवार की तरफ से फिलहाल कोई तहरीर नहीं आई है। पुलिस जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

जमीन पर मिले रगड़ने के निशान

चश्मदीदों का कहना है कि राजेंद्र की पीठ पर रगड़ के कई निशान थे। उसके कपड़े भी ठीक नहीं थे। आरोप है कि जमीन पर 50 मीटर तक शव को घसीटने के निशान मिले हैं। लोगों ने हत्या करने के बाद शव घसीटकर जंगल में लाए जाने की बात कही है। अभी तक राजेंद्र का मोबाइल फोन और चप्पलें भी नहीं मिली हैं।

खुद को संभाल नहीं पा रही पत्नी

राजेंद्र की शादी दो वर्ष पहले मंजू से हुई थी। घटना के बाद से पत्नी खुद को संभाल नहीं पा रही हैं। राजेंद्र का आठ महीने का बेटा आयुष है। बेटे को देखकर मंजू के आंसू नहीं थम रहे हैं।