विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ: वरुण विहार और नैमिष नगर योजना में रजिस्ट्रेशन शुरू, चेक करें जमीन के रेट और आवंटन नियम

Published: Sat, 26 Sep 2026 08:15 AM (IST)

एलडीए की वरुण विहार और नैमिष नगर आवासीय योजनाओं में भूखंड खरीदारों को एकमुश्त भुगतान करने पर आवंटन में वरीयता मिलेगी।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. एकमुश्त भुगतान करने पर भूखंड आवंटन में मिलेगी वरीयता।

  2. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवासीय योजनाओं का किया शुभारंभ।

  3. 24 घंटे में 540 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। एलडीए की वरुण विहार व नैमिष नगर आवासीय योजना के भूखंड खरीदार यदि एकमुश्त भुगतान करेंगे तो उन्हें आवंटन में वरीयता मिलेगी। योजना के भूखंडों का आवंटन लाटरी से होगा।

ऑनलाइन आवेदन करते समय आवेदक को एकमुश्त भुगतान का विकल्प चुनना होगा। दोनों योजनाओं में भूखंड पाने के लिए लोग उत्साहित हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को भूमि पूजन करके योजनाओं का शुभारंभ किया, शाम छह बजे से पंजीकरण पोर्टल लाइव किया गया। इसके महज 24 घंटे में 540 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण धनराशि जमा कराया है।

एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि भूखंडों के लिए पंजीकरण सिर्फ प्राधिकरण की आधिकारिक वेबसाइट registration.ldalucknow.in के माध्यम से ही होगा। यह वेबसाइट 24 अक्टूबर तक खुली रहेगी। शुक्रवार शाम छह बजे तक कुल 3,308 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण पुस्तिका खरीदा है।

भूखंड की दर 3800 रुपये प्रति वर्गफीट

इनमें से 367 लोगों ने वरुण विहार योजना में भूखंडों के लिए आठ करोड़ 39 लाख 55 हजार 750 रुपये पंजीकरण धनराशि के रूप में जमा किया है। नैमिष नगर योजना में 173 लोगों ने तीन करोड़ 80 लाख 36 हजार 195 रुपये जमा हुए हैं।

सीतापुर रोड पर 4100 एकड़ क्षेत्रफल में आकार ले रही नैमिष नगर योजना लखनऊ के उत्तरी क्षेत्र के विकास का मॉडल बनेगी। नैमिषारण्य धाम और मां चंद्रिका देवी मंदिर से आध्यात्मिक जुड़ाव, इस योजना को आधुनिक, संतुलित और समृद्ध जीवन का नया केंद्र बनाएगा।

योजना के प्रथम चरण में ब्रह्म खंड, भूमि खंड फेज-एक व भूमि खंड फेज- दो में कुल 1673 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला गया है। इस योजना में भूखंड की दर 3800 रुपये प्रति वर्गफीट है। आगरा एक्सप्रेसवे किनारे 6580 एकड़ क्षेत्रफल में वरुण विहार योजना शहर की सबसे बड़ी आवासीय कॉलोनी के रूप में सामने आएगी। योजना के प्रथम चरण काशी खंड, कैलाश खंड फेज-एक व कैलाश खंड फेज-दो में कुल 2847 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला गया है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर से मुंबई के बीच 18 अक्टूबर से चलेगी स्पेशल ट्रेन, लखनऊ समेत इन स्टेशनों पर होगा स्टॉपेज