विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में काकोरी की चार छात्राओं ने निभाई बड़ी जिम्मेदारी, एक दिन की निदेशक बन परखी मध्याह्न भोजन की व्यवस्था

Published: Wed, 14 Oct 2026 09:48 PM (IST)

लखनऊ में मिशन शक्ति के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की चार छात्राओं ने मध्याह्न भोजन प्राधिकरण में एक दिन ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. कस्तूरबा गांधी की चार छात्राएं बनीं एक दिन की निदेशक।

  2. मध्याह्न भोजन प्राधिकरण में परखी व्यवस्था, दिए सुझाव।

  3. स्वच्छता, पौष्टिकता और रसोइयों के प्रशिक्षण पर जोर।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कक्षा आठ में पढ़ने वाली मुस्कान, सरिता और साक्षी के साथ कक्षा सात की राधिका बुधवार को जब मध्याह्न भोजन प्राधिकरण पहुंचीं तो उनके सामने सिर्फ निदेशक की कुर्सी पर बैठने का अवसर नहीं था, बल्कि प्रदेश के विद्यालयों में बच्चों को मिलने वाले भोजन की व्यवस्था को बेहतर बनाने की जिम्मेदारी समझने का भी मौका था।

मिशन शक्ति के तहत कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), काकोरी लखनऊ की इन चार छात्राओं ने एक दिन की निदेशक बनकर प्रशासनिक कामकाज को करीब से जाना और मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता सुधारने के सुझाव दिए।

छात्राओं ने स्पष्ट किया कि बच्चों को भोजन देने के साथ उसकी स्वच्छता और पौष्टिकता सुनिश्चित करना भी जरूरी है। उन्होंने विद्यालयों के किचन शेड में सफाई के मानकों का पालन कराने, बच्चों की संख्या के अनुसार भोजन तैयार करने और रसोइयों को स्वच्छता व पोषण प्रबंधन का नियमित प्रशिक्षण देने पर जोर दिया।

निर्धारित मेन्यू के अनुसार संतुलित भोजन और रसोई की बेहतर व्यवस्था को भी जरूरी बताया। मध्याह्न भोजन प्राधिकरण के निदेशक प्रेमरंजन सिंह ने छात्राओं से संवाद कर उनके सुझाव सुने और उनकी पहल की सराहना की।

उन्होंने विद्यालयों में रसोई की स्वच्छता तथा भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की बात कही। अस्वस्थ होने वाले बच्चों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर भी छात्राओं ने ध्यान आकर्षित किया।

यह भी पढ़ें- योगी सरकार का आत्मनिर्भर शहरों पर जोर, नगर निकायों की आर्थिक मजबूती के लिए वित्तीय प्रबंधन पर मंथन