करवा चौथ पर लखनऊ में 16 लाख का नेकलेस बिका, मंगलसूत्र-अंगूठियों की हुई जमकर खरीदारी
करवा चौथ पर लखनऊ के सराफा बाजार में 16 लाख का सोने का नेकलेस बिका।

100 ग्राम से अधिक सोने के नेकलेस की डिजाइन कई दिन पहले ग्राहक ने पसंद की थी।
HighLights
करवा चौथ पर 16 लाख का सोने का नेकलेस बिका।
मंगलसूत्र, अंगूठियां और ईयररिंग्स की भी बिक्री हुई।
पुरुषों ने भी पत्नियों के लिए सरप्राइज गिफ्ट खरीदे।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। सराफा बाजार में करवा चौथ वाले दिन 16 लाख का सोने का नेकलेस बिका। 100 ग्राम से अधिक सोने के नेकलेस की डिजाइन कई दिन पहले ग्राहक ने पसंद की थी और डिलीवरी करवा चौथ वाले दिन शाम को ली। वहीं, 50 से 20 ग्राम तक नेकलेस, मंगलसूत्र भी बिके। इसके अलावा 14, 18 व 22 कैरेट के मंगलसूत्र ग्राहकों ने खरीदे। दोपहर 12 बजे से शाम छह बजे तक ग्राहकों की चहल पहल राजधानी के सभी सराफा बाजारों में रही।
किसी ने ईयर रिंग खरीदे तो किसी ने अंगूठी पसंद की। महिलाओं ने अपने पति के लिए चांदी व सोने के ब्रेसलेट भी पसंद किए। चांदी के करवा गुरुवार को बिके, लेकिन बुधवार को जो सोने का करवा बिका था, उतनी बड़ी खरीदारी बाजार में नहीं हुई। वहीं शहर के कुछ बड़े ज्वेलरी शोरूम में भी पुरुष अपनी पत्नियों को सरप्राइज गिफ्ट देने के लिए खरीदारी करते दिखे।
ज्वेलरी शोरूम संचालकों ने बताया कि स्टड, क्लस्टर, ड्राप, हूप, शैंडिलियर, हेलो और हग्गी बालियां व ईयर क्लाइम्बर्स डिजाइन इस बार भी ग्राहकों ने पसंद की है। बुधवार की तुलना में गुरुवार को ज्वेलरी शाप में महिलाएं कम दिखीं। वहीं, पुरुष ग्राहक ज्यादा दिखे, जो पहले से बुकिंग करा गए थे या पैसे की कमी के कारण माल नहीं उठा पाए थे। उनकी संख्या बाजारों में ज्यादा रही। एक वर्ग ने अंगूठी खरीदने में दिलचस्पी दिखाई।
बाजार में रही कई तरह की डिजाइन की मांग:
बाजार में समायोज्य रिंग्स, मोती की अंगूठी, सालिटेयर अंगूठी, स्टेटमेंट अंगूठी, क्लैडाघ अंगूठी, कवच के छल्ले, काकटेल आंगूठी, गुंबद के छल्ले, जन्म रत्न के छल्ले, इंफिनिटी अंगूठी, फिलिग्री अंगूठी, गांठ के छल्ले, पहेली के छल्ले जैसी अंगूठियों की मांग रही। मंगलसूत्र भी तीन से लेकर 10 ग्राम तक बिके।
इनमें जो डिजाइन पसंद की गई उनमें टैगपाग, तन्मानिया, थाली, हिरुमंगल्यम, देझूर, नल्लापुसालु, मांगल्यामु, बोट्टू, पुस्टेलु, वटिस, मुहुर्तमणि, धारेमनी और मांगल्य सूत्र शामिल हैं। बता दें कि ज्वेलर्स के मुताबिक उक्त मंगलसूत्र की डिजाइनों के नाम है। कई लोगों ने सोने की बढ़ती कीमतों को देखते हुए नवंबर व दिसंबर माह में होने वाली सहालग के लिए भी खरीदारी की।
