गणेशोत्सव के चलते लखनऊ में 10 दिनों तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन, इन मार्गों से नहीं होगा वाहनों का आवागमन
लखनऊ में सोमवार से शुरू हो रहे गणेशोत्सव के दस दिवसीय कार्यक्रम के चलते विभिन्न इलाकों में रूट डायवर्जन लागू रहेगा।

गणेशोत्सव के दस दिवसीय कार्यक्रम के चलते लागू रहेगा डायवर्जन।
HighLights
गणेशोत्सव के कारण लखनऊ में 10 दिवसीय रूट डायवर्जन।
सोमवार सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
कई प्रमुख मार्गों पर आवागमन प्रतिबंधित, वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, लखनऊ। शहर में सोमवार से शुरू हो रहे गणेशोत्सव के दस दिवसीय कार्यक्रम के चलते विभिन्न इलाकों में डायवर्जन लागू रहेगा। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने बताया कि यह व्यवस्था सोमवार सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा। ट्रैफिक से संबंधित समस्या आने पर कंट्रोल नंबर 9454405155 पर संपर्क कर सकते हैं।
यह रहेगी व्यवस्था
- अयोध्या की तरफ से कैसरबाग जाने वाली रोडवेज बसों को कमता तिराहा से गोमतीनगर की तरफ मोड़ दिया जायेगा, जहां से समतामूलक चौराहा, गांधी सेतु (1090) चौराहा, पीएनटी बालू अड्डा, संकल्प वाटिका तिराहा, चिरैयाझील तिराहा, क्लार्क अवध तिराहा के पीछे से सीडीआरआइ होते हुये कैसरबाग बस अड्डा आ-जा सकेंगी।
- सीतापुर रोड से कैसरबाग आने वाली रोडवेज/सिटी बसें मड़ियांव, पुरनिया/डालीगंज रेलवे क्रासिंग, पक्का पुल, शहमीना, डालीगंज पुल, सीडीआरआई होते हुए कैसरबाग जाएंगीं व वापसी में बलरामपुर ढाल, शहीद स्मारक होकर उपरोक्तानुसार होगा।
- चौक/डालीगंज पुल की तरफ से आने वाले वाहन क्लार्क अवध तिराहे से सीधे सुभाष चौराहा होकर नहीं जा सकेंगे, बल्कि क्लार्क अवध तिराहे से चिरैयाझील होकर जाएंगे।
- डालीगंज पुल इक्का तांगा स्टैंड चौराहा से आने वाले यातायात गोमती नदी बंधा (झूलेलाल पार्क) होकर नदवा कालेज की ओर नहीं जा सकेंगे, बल्कि गोमती नदी पुल पारकर या सीधे उमराव सिंह धर्मशाला होकर, आइटी चौराहा की ओर जा सकेंगे।
- टेलीफोन एक्सचेंज चौराहा से मकबरा रोड की तरफ से परिवर्तन चौक की तरफ नहीं जा सकेंगे, बल्कि कैसरबाग बस अड्डा या सीडीआरआई तिराहा, क्लार्क अवध होकर जा सकेंगे।
- निराला नगर से आइटी चौराहा से विष्वविद्यालय मार्ग होकर सुभाष चौराहा की ओर नहीं जा सकेंगे, बल्कि आइटी चौराहा से बांये/दाहिने मुड़कर समथर पेट्रोल पंप होते हुए निषातगंज/डालीगंज पुल से जा सकेंगे।
- कैसरबाग/सीडीआरआइ, क्लार्क अवध तिराहा से सुभाष चौराहे की तरफ नहीं जा सकेंगे, बल्कि क्लार्क अवध तिराहे से सीधे कृष्णा मेडिकल सेंटर होते हुए चिरैयाझील तिराहा की ओर से जा सकेंगे।
- हजरतगंज चौराहा व परिवर्तन चौक से सुभाष चौराहा से हनुमान सेतु होकर आइटी चौराहा नहीं जा सकेंगे, बल्कि यह यातायात मकबरा रोड, टेलीफोन एक्सचेन्ज, सीडीआरआई या चिरैयाझील से होकर जा सकेंगे।
- हनुमान सेतु मंदिर चौराहा से नदवा बंधा रोड झूलेलाल पार्क की तरफ से नहीं जा सकेंगे, बल्कि आइटी चौराहा होकर जा सकेंगे।
- हरदोई मार्ग से कैसरबाग बस अड्डे जाने वाली बसें बालागंज, कोनेश्वर घण्टाघर तिराहा की तरफ नहीं जा सकेंगी, बल्कि यह बसें छन्दोईया तिराहा से दाहिने पावर हाउस चौराहा, रानी अवंती बाई लोधी चौराहा, आइआइएम चौराहा, भिठौली तिराहा होते हुए होते हुए जा सकेंगे।
- सीतापुर/हरदोई से आने वाली बसें कुड़ियाघाट की तरफ नहीं जा सकेंगी, बल्कि बसें डालीगंजपुल चौराहा, डालीगंज इक्काटांगा चौराहा, आइटी चौराहा होकर जा सकेंगे।
