विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ अग्निकांड : एलन-फिजिक्स वाला और ब्लड बैंक सहित 71 प्रतिष्ठान सील, LDA ने 83 को थमाया नोटिस

Published: Thu, 25 Jun 2026 06:47 AM (IST)

अलीगंज अग्निकांड के बाद लखनऊ में एलडीए और फायर विभाग ने कोचिंग सेंटरों, नर्सिंग होम और होटलों में अग्निसुरक्षा मानकों ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. अलीगंज अग्निकांड के बाद लखनऊ में अग्निसुरक्षा जांच शुरू।

  2. एलन, फिजिक्स वाला सहित 71 प्रतिष्ठान पहले दिन सील।

  3. सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर 83 भवन मालिकों को नोटिस।

जागरण संवाददाता, लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड के बाद शहर के कोचिंग सेंटरों, नर्सिंग होम, होटल व लाइब्रेरी के अग्निसुरक्षा मानकों की जांच एलडीए और फायर विभाग की टीमों ने शुरू कर दिया। एलडीए के सभी सात जोन में जांच हुई तो एलन, फिजिक्स वाला, ग्रैविटी, मोशन सहित बड़ी संख्या में कोचिंग सेंटर, ब्लड बैंक, लाइब्रेरी और होटल आ गए।

बुधवार को पहले दिन 71 प्रतिष्ठानों को सील कर दिया गया। जबकि 83 भवन मालिकों और प्रबंधकों के खिलाफ नोटिस जारी कर उनसे संबंधित दस्तावेज मांगे गए हैं। प्रवर्तन जोन छह के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने टीम के साथ हजरतगंज में अभियान चलाया।

यहां एलन कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट, मोशन एवं ग्रैविटी समेत 14 प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। प्रवेश व निकासी का एक ही रास्ता मिला। अग्निशमक उपकरणों की भी पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी।

20 भवन मालिकों को नोटिस दिया

एलडीए ने 20 भवन मालिकों को नोटिस दिया गया है। इसी तरह प्रवर्तन जोन पांच में निरीक्षण के दौरान पांच भवन सील किये गये, जबकि 21 के खिलाफ नोटिस जारी किया गया है। जोन सात के ठाकुरगंज में संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह एक प्ले स्कूल पहुंचे तो डबल बेसमेंट में 150 बच्चे पढ़ते मिले। इनकी निकासी के लिए दो फीट चौड़ी घुमावदार सीढ़ी थी।

सुरक्षा को लेकर खतरा बने स्कूल को सील किया गया। प्रवर्तन जोन एक के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी ने गोमती नगर के विराज खंड , विनीत खंड एवं विवेक खंड में अभियान चलाकर एलन कोचिंग, आकाश इंस्टीट्यूट, अन एकेडमी एंड कैरियर प्वाइंट, विद्यापीठ, अग्रवाल क्लासेस, नारायण कोचिंग, आईक्यू हब समेत 09 कोचिंग सेंटरों को सील किया ।

प्रवर्तन जोन दो में जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह ने कानपुर रोड योजना व कृष्णानगर क्षेत्र में फिजिक्स वाला, महिन्द्रा कोचिंग, एलन, आकाश इंस्टीट्यूट, सेन्च्यूरियन समेत 16 कोचिंग सेंटरों को सील किया गया। वहीं, 16 भवन मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

प्रवर्तन जोन तीन में जोनल अधिकारी अतुल कृष्ण सिंह ने कृष्णानगर, विजय नगर व मानक नगर में ब्राइट फ्यूचर लाइब्रेरी, डिफेंस कैरियर एकेडमी व होटल गुरवीर समेत सात प्रतिष्ठानों को सील किया। प्रवर्तन जोन चार में एसडीएम विपिन कुमार शिवहरे ने छह प्रतिष्ठानों को सील किया, जबकि सात भवन मालिकों को नोटिस दिया गया है।