विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में पकड़ा गया नेग मांगने के बहाने घरों में लूट करने वाला किन्नर गिरोह, तीन गिरफ्तार

Published: Tue, 05 May 2026 07:58 PM (IST)

लखनऊ पुलिस ने नेग मांगने के बहाने घरों में लूटपाट करने वाले किन्नर गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. आलमबाग, हुसैनगंज, चारबाग समेत अन्य इलाकों में भी सक्रिय सवारियों से भी करते हैं लूट

  2. बिजनौर थाने का मामला, अन्य की तलाश जारी, बाकी थानों की पुलिस भी जांच में जुटी


जागरण टीम, लखनऊ। नेग मांगने के बहाने महिलाओं को निशाना बनाकर घरों में घुसकर लूटपाट करने वाले सक्रिय किन्नर गिरोह को शहीद पथ किनारे स्थित बिजनौर थाने की पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने गिरोह के तीन किन्नरों को पकड़ा और उनके कब्जे से लूटी गई ज्वैलरी और घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। उधर, आलमबाग, हुसैनगंज और चारबाग में लुटेरे किन्नर सक्रिय हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है।

सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) कृष्णानगर रजनीश वर्मा के अनुसार बीती चार मई को बिजनौर इलाके में मार्निंग वाक पर निकलीं दो महिलाओं से मंगलसूत्र और कान की बालियां झपटने की घटना सामने आई थी। मामले की जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। करीब सौ से अधिक सीसी फुटेज खंगालने के बाद आरोपितों की पहचान सुनिश्चित की गई।

इसके बाद पांच मई को अलीनगर खुर्द अंडरपास के पास से तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपित किन्नर होने का फायदा उठाकर पहले घर-घर जाकर शादी या खुशी के कार्यक्रम में नेग मांगने का बहाना बनाते थे और मनमाना पैसे मांगते थे। बीती चार मई को दोनों महिलाएं अकेले दिखी तो उनसे शादी वाला घर पूंचने के बहाने रोका और लूट कर ली।

विरोध करने पर अभद्रता, धमकी देकर फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपितों में अजय रावत उर्फ रानी, आकाश गुप्ता उर्फ कम्मो और रफीक अहमद शामिल हैं। इनके कब्जे से एक मंगलसूत्र, दो जोड़ी कान की बालियां और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार गिरोह का एक अन्य सदस्य अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह चारबाग और आलमबाग में भी सक्रिय रहा है और वहां भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम देता रहा है। पुलिस अब इन इलाकों में हुई अन्य घटनाओं से भी आरोपितों के कनेक्शन खंगाल रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।



आलमबाग समेत अन्य लोगों से करते हैं लूट

 

आलमबाग, चारबाग और हुसैनगंज में भी किन्नरों का गिरोह का सक्रिय है। यह लोग वहां आने वाले सवारियों को झांसे में लेते हैं। फिर उन्हें सन्नाटें में ले जाकर लूटपाट करते हैं, जिसकी कई बार शिकायत भी की जा चुकी है। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।