विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लखनऊ में ईद की नमाज में एक साथ दिखे अखिलेश यादव-अजय राय, रीता बहुगुणा भी पहुंची; ड्रोन से निगरानी

Published: Sat, 21 Mar 2026 12:37 PM (IST)

लखनऊ में ईद का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। ऐशबाग ईदगाह पर हजारों लोगों ने नमाज अदा कर अमन-चैन ...और पढ़ें

HighLights

  1. ऐशबाग ईदगाह पर 50-60 हजार लोगों ने अदा की नमाज।

  2. अखिलेश यादव, अजय राय, रीता बहुगुणा जोशी ने दी मुबारकबाद।

  3. पुलिस बल तैनात, ड्रोन से निगरानी, यातायात डायवर्जन लागू।

चप्पे चप्पे पर तैनात रही पुलिस, बैरिकेडिंग लगाकर पुलिस ने किया रास्ता किया था तैयार

ईद गाह समेत विभिन्न मस्जिदों में नमाज होती है अदा, सड़क पर नमाज न पढ़ने की अपील

जागरण संवाददाता, लखनऊ। शनिवार को ईद का त्योहार हर्षोल्लास और अकीदत के साथ मनाया गया। हाई अलर्ट के बीच अलग-अलग समय पर ईद की नमाज अदा की गई। ऐशबाग ईदगाह पर सुबह से ही नमाजियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा, जहां 50 से 60 हजार से अधिक लोगों ने एक साथ नमाज अदा कर अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी।

प्रशासन और धर्मगुरुओं के सहयोग से ईद का त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जहां लोगों ने गले मिलकर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और भाईचारे का संदेश दिया।

ईद के मौके पर ऐशबाग ईदगाह में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, राज्यसभा सदस्य दिनेश शर्मा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और भाजपा नेता रीता बहुगुणा जोशी समेत कई प्रमुख हस्तियां पहुंचीं और लोगों को ईद की मुबारकबाद दी।

इससे पहले शुक्रवार को चांद दिखने के बाद शनिवार को ईद मनाने का ऐलान किया गया था। 29 रमजान को चांद नजर नहीं आने के कारण 30 रमजान को इसकी तस्दीक की गई।

धर्मगुरुओं ने दूरबीन की मदद से चांद देखने के बाद में ईद मनाने की घोषणा की। इस्लामिक सेंटर आफ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद ने नमाजियों से अपील की कि वे सड़कों पर नमाज अदा न करें और प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करें। उन्होंने सभी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं भी दीं।

नमाजियों की लगी लंबी कतारें, खड़े होकर भी नमाज पढ़ी

नमाज के दौरान ऐशबाग ईदगाह में दरी बिछाकर लंबी कतारें लगीं। भीड़ अधिक होने के कारण कई नमाजी गलियारों और आसपास के स्थानों पर खड़े होकर नमाज पढ़ते नजर आए। पुराने लखनऊ क्षेत्र को विशेष रूप से हाई अलर्ट पर रखा गया था।

सुरक्षा का इंतजाम किया, माइक से लगातार हो रहा अनाउंसमेंट

त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए। सभी संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ सीसी कैमरों से निगरानी की जा रही है। इंटरनेट मीडिया पर भी नजर रखी गई। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए 27 मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया था।