Lucknow COVID-19 News: लखनऊ में छट रहे कोरोना के काले बादल, 700 से नीचे गिरा नए संक्रमितों का ग्राफ; 12 की मौत
Lucknow COVID-19 News लखनऊ में अब तक वायरस ने 2371 की ली जान। हालांकि 218509 लोग वायरस को मात देकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। पिछले एक माह के दौरान पहली बार सक्रिय मरीजों की संख्या 15000 से कम हुई है।
लखनऊ, जेएनएन। Lucknow COVID-19 News: उत्तर प्रदेश सरकार के अथक प्रयासों के चलते कोरोना वायरस के काले बादल छटने शुरू हो गए हैं। राजधानी लखनऊ में शनिवार को कोरोना से मरने वालों की संख्या 15 से नीचे गिर गई। जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 617 नए संक्रमित पाए गए हैं, जबकि 12 की वायरस से मौत हो गई। बता दें, बीते शुक्रवार को 900 संक्रमित पाए गए थे और 21 की वायरस ने जान ले ली थी।
15000 से कम हुए सक्रिय मरीज: लखनऊ में पिछले एक माह के दौरान पहली बार सक्रिय मरीजों की संख्या 15000 से कम हुई है। शनिवार को 12474 सक्रिय मरीज ही रह गए हैं। जबकि 4 हफ्ते पहले कुल सक्रिय मरीजों का आंकड़ा 6000 के पास पहुंच गया था। संक्रमित के मुकाबले स्वस्थ होने वालों की संख्या लगातार बढ़ने के चलते सक्रिय मरीज कम हो रहे हैं। इससे बड़ी राहत महसूस की जा रही है। वही अस्पतालों में बेड की मारामारी भी अब काफी हद तक कम हुई है। लोहिया, लोकबंधु,राम सागर मिश्रा अस्पताल, केजीएमयू समेत बलरामपुर व अन्य अस्पतालों में काफी संख्या में बेड खाली पड़े हुए हैं।
अब तक 2371की वायरस ने ली जान: कोरोना वायरस ने राजधानी में अब तक 2371लोगों मौत के घाट उतार दिया है। हालांकि, 218509 लोग वायरस को मात देकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके हैं। जबकि 12474 संक्रमित अभी भी सक्रिय हैं।
मई के आंकड़ें
- तारीख - संक्रमित - मौत
- 1 मई - 3125 - 34
- 2 मई - 3342 - 25
- 3 मई - 3058 - 26
- 4 मई - 2407 - 22
- 5 मई - 3004 - 38
- 6 मई - 1865 - 65
- 7 मई - 1982 - 25
- 8 मई - 2179 - 38
- 9 मई - 1436 - 26
- 11 मई - 1154 - 23
- 12 मई - 916 - 23
- 13 मई - 856 - 35
- 14 मई - 900- 21
- 15 मई - 617- 12