लखनऊ में तेजी से फैल रहा कोरोना का संक्रमण, 24 घंटें में मिले 408 नए संक्रमित; एटीएस के 11 जवान भी पाजिटिव
कोरोनावायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या में बाहर से यात्रा करने वाले व्यक्ति लगातार बढ़ रहे हैं। दूसरे देशों या राज्यों की यात्रा से लौटे 96 व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वही कांटैक्ट ट्रेसिंग में 113 व्यक्तियों में संक्रमण पुष्ट हुआ है।
लखनऊ, जागरण संवाददाता। कोरोनावायरस का संक्रमण लगातार दुगनी रफ़्तार से बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को 408 लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। बुधवार को 288 लोग संक्रमित मिले थे। 24 घंटे में 120 लोग संक्रमण की जद में आ गए हैं। हालांकि 11 मरीज संक्रमण की जद से बाहर निकल चुके हैं। सक्रिय मामलों की संख्या राजधानी में 1153 पर पहुंच गई है। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान 20 मई को 353 मरीज एक साथ मिले थे।
कोरोनावायरस से संक्रमित होने वालों की संख्या में बाहर से यात्रा करने वाले व्यक्ति लगातार बढ़ रहे हैं। दूसरे देशों या राज्यों की यात्रा से लौटे 96 व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। वही कांटैक्ट ट्रेसिंग में 113 व्यक्तियों में संक्रमण पुष्ट हुआ है। इसके अलावा सर्दी-जुकाम और बुखार के लक्षण के बाद जांच करवाने वाले 72 व्यक्तियों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। कमांड अस्पताल में जांच के लिए आए 26 लोगों में वायरस की पुष्टि हुई है। वर्तमान में 11 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। सात मरीजों का इलाज केजीएमयू में चल रहा है। वहीं चार मरीज पीजीआई में भर्ती हैं। कमांड हॉस्पिटल में 21 मरीज हैं।
लोकबंधु राजनारायण अस्पताल के दो डाक्टर और एक फार्मासिस्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। इसके अलावा विभिन्न अस्पतालों के 10 डाक्टर और कर्मचारी संक्रमित पाए गए हैं। इससे पहले मेदांता अस्पताल के के 33 कर्मचारी पाजिटिव आ चुके हैं। वहीं केजीएमयू के चार रेजिडेंट और एक वरिष्ठ डाक्टर में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। कोरोना के सबसे अधिक मरीज चिनहट इलाके में मिले हैं। चिनहट में 69 और कैसरबाग में 44 लोग पाजिटिव पाए गए हैं।
एटीएस के 11 जवान कोरोना पाजिटिव : राजस्थानी में 11 एटीएस जवानों में कोरोनावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है इसकी वजह से विभाग में हड़कंप मच गया है जवानों के संपर्क में आए व्यक्तियों की सूची बनाई जा रही है। एटीएस का मुख्यालय चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट अमौसी के पास में है। सावधानी के तौर पर जवानों की कोरोनावायरस की जांच करवाई गई थी। इसमें 11 जवानों की रिपोर्ट पाजिटिव पाई गई है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जवानों के संपर्क में आने वाले सभी लोगों की जांच कराई जा रही है। जवानों में किसी भी तरह का लक्षण नहीं दिखा है। इस वजह से उन्हें सभी जवान बिना लक्षण वाले हैं। लिहाजा होम आइसोलेशन में इन्हें रहने की सलाह दी गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम जवानों की सेहत की निगरानी में है।