Lucknow Coronavirus News: राजकीय संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध 56 किशोर बंदी कोरोना पॉजिटिव
Lucknow Coronavirus News जिलाधिकारी के आदेश के बाद सभी को चारबाग के रेलवे अस्पताल में किया गया भर्ती।
लखनऊ, जेएनएन। Lucknow Coronavirus News: मोहान रोड स्थित राजकीय संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध में 153 किशोर बंदियों में बुधवार को 56 बंदी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसकी सूचना मिलते ही बंदियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है। किशोर जेल में 18 साल के नीचे के अपराधियों को न्यायालय के आदेश पर रखा जाता है। नौ अगस्त को सभी 153 बंदियों की स्क्रीनिंग की गई थी। मंगलवार की देर रात रिपोर्ट आने पर 56 बंदी पॉजिटिव पाए गए। पुलिस सुरक्षा में सभी को चारबाग के राजकीय रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बिना लक्षण के मिले पॉजीटिव
इन बंदियों में किसी में कोई लक्षण न होने के बावजूद कोराेना पॉजिटिव होने पर सभी हैरान हैं। अधीक्षक संजय कुमार सोनी का कहना है कि नियमित डॉक्टरी जांच के बाद ही उन्हें यहां रखा जाता है। जुकाम, बुखार या खासी जैसे लक्षण भी नहीं थे। मास्क और सैनिटाजर का प्रयोग अनिवार्य होने के बाद एेसा होने से कर्मचारी भी परेशान हैं। सभी बंदियों के अभिभावकों को भी सूचित किया जा चुका है।
गुरुवार को फिर होगी सभी की जांच
पूरे परिसर को सैनिटाइज करने के साथ ही गुरुवार से एक बार फिर सभी किशोर बंदियों की कोरोना जांच की जाएगी। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुधाकर पांडेय ने बताया कि सभी किशोर बंदियों की सुरक्षा के चलते जांच कराई गई थी। रिपोर्ट आने के बाद बिना लक्षण के 56 किशोर कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश के आदेश पर सभी को पुलिस सुरक्षा के साथ चारबाग के राजकीय रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया। एक बार फिर सभी कर्मचारियों और बंदियों की जांच होगी।